News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

कॉलेज जीवन भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण समय है : प्राचार्या

खूंटी , 03 सितंबर । बिरसा कॉलेज खूंटी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की कॉलेज इकाई की ओर से गुरुवार को सत्र 2026-30 के स्नातक के नये विद्यार्थियों के स्वागत के लिए समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नये विद्यार्थी शामिल हुए। समारोह का उद्देश्य नये विद्यार्थियों को कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, खेलकूद और छात्रहित से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी देना था।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बिरसा कॉलेज की प्रभारी प्राचार्य डॉ पुष्पा सुरीन ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि कॉलेज जीवन भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण समय है। विद्यार्थी नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहे और समय की पाबंदी के साथ अपनी पढ़ाई करें।

उन्होंने कहा कि अनुशासन और नियमित पढ़ाई से ही विद्यार्थी अपने निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कॉलेज के नियमों का पालन करने तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने में विद्यार्थियों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में एबीवीपी के झारखंड प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी परिषद लगातार छात्रहित के मुद्दों को कॉलेज, विश्वविद्यालय और प्रशासन के समक्ष उठाती रही है। उन्होंने कहा कि कॉलेज केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का भी अवसर है।

उन्होंने विद्यार्थियों से छात्रहित, राष्ट्रहित और समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उनके संबोधन के बाद बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने एबीवीपी की सदस्यता ग्रहण की।

कॉलेज के खेल प्रभारी राजकुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों को कॉलेज की खेल उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी सक्रिय रहने की अपील की।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, खेलकूद और छात्र गतिविधियों से संबंधित जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में एबीवीपी कॉलेज इकाई की ओर से नूतन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं और उन्हें कॉलेज की गतिविधियों में सकारात्मक भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।

Leave a Reply