News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Himachal Pradesh

शाहपुर के रैत ब्लॉक के निर्वाचित बीडीसी सदस्यों की शपथ में देरी पर भाजयुमो ने उठाए सवाल

शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के रैत ब्लॉक में निर्वाचित पंचायत समिति (बीडीसी) सदस्यों की शपथ में हो रही देरी पर भारतीय जनता युवा मोर्चा ने सवाल उठाते हुए प्रशासन से जल्द शपथ करवाने की मांग की है। भाजयुमो के प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सिंह चौधरी ने जारी एक प्रेस बयान में कहा कि हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम, 1994 की धारा 79 के तहत पंचायत समिति के निर्वाचित सदस्यों की शपथ/प्रतिज्ञान तथा आगे की निर्वाचन प्रक्रिया का प्रावधान है। ऐसे में शपथ में देरी का कारण प्रशासन को स्पष्ट करना चाहिए।

उन्होंने सवाल उठाया कि “आखिर शपथ में देरी की वजह क्या है? कहीं किसी राजनीतिक दबाव या राजनीतिक स्वार्थ के कारण तो इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया को जानबूझकर लंबित तो नहीं किया जा रहा” यदि कोई कानूनी, प्रशासनिक या तकनीकी कारण है तो उसे भी सार्वजनिक किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि बीडीसी सदस्य जनता द्वारा चुने हुए जनप्रतिनिधि हैं और उन्हें अपने क्षेत्रों की समस्याओं एवं विकास कार्यों को पंचायत समिति के माध्यम से उठाने की जिम्मेदारी मिली है। जनता के मत से चुने गए प्रतिनिधियों को समय पर अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिलना चाहिए।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि रैत ब्लॉक के सभी निर्वाचित बीडीसी सदस्यों की तत्काल शपथ करवाई जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि निर्वाचित बीडीसी सदस्यों के अधिकारों और जनता के जनादेश के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply