News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

मलय डैम का स्पीलवे ओवरफ्लो, सैलानियों की उमड़ी भीड़, प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी

पलामू, 02 सितंबर । पलामू जिले के सतबरवा प्रखंड क्षेत्र स्थित मुरमा-कठौतिया मलय डैम का जलस्तर बढ़ने से स्पीलवे ओवरफ्लो हो गया है। डैम के ओवरफ्लो होने से जहां प्रशासन सतर्क हो गया है, वहीं पर्यटकों में खासा उत्साह है। बड़ी संख्या में सैलानी यहां पहुंच रहे हैं और ओवरफ्लो हो रहे स्पीलवे का आनंद ले रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 07 जुलाई को मलय डैम का स्पीलवे ओवरफ्लो हुआ था, जबकि इस वर्ष 01 सितंबर को यह स्थिति बनी। इस वर्ष पर्याप्त बारिश की उम्मीद नहीं थी, लेकिन अगस्त में हुई अच्छी बारिश के कारण डैम लबालब भर गया और स्पीलवे ओवरफ्लो हो गया।

सतबरवा प्रखंड क्षेत्र में पिछले रविवार से लगातार बारिश हो रही है। इसके कारण मलय डैम के जलस्तर में भी लगातार वृद्धि हुई। बुधवार को स्पीलवे के ओवरफ्लो होने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचने लगे। लोग मौज-मस्ती के साथ फोटो और रील बनाने के अलावा लाइव वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करते नजर आए।

इधर, प्रखंड प्रशासन भी मामले को लेकर सतर्क हो गया है। प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी विजय कुमार ने बुधवार को बताया कि डैम के मनोरम दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं, जिनमें युवाओं की संख्या अधिक है। उन्होंने कहा कि युवा कई बार अति उत्साह में जोखिम भरे कदम उठा लेते हैं। सुरक्षा के मद्देनजर उन्होंने पर्यटकों से ऐसा नहीं करने और सतर्क रहने की अपील की है।

बीडीओ सह सीओ ने थाना प्रभारी प्रदीप कुमार को मलय डैम समेत अन्य प्रमुख जलस्रोत वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया है। उन्होंने पर्यटकों से डैम के आसपास सावधानी बरतने की अपील की है।

थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी जिले के वरीय अधिकारियों को दे दी गई है।

मौके पर पहुंचे शमशाद और मनोज कुमार भुइयां ने बताया कि मलय डैम का स्पीलवे लगातार दूसरे वर्ष ओवरफ्लो हुआ है। इस वर्ष ऐसी स्थिति की उम्मीद नहीं थी, लेकिन लगातार बारिश के कारण डैम लबालब भर गया। उन्होंने कहा कि ओवरफ्लो की जानकारी मिलने के बाद पर्यटक यहां पहुंचने लगे हैं। डैम की खूबसूरती में भी निखार आया है और लोग बोटिंग का आनंद ले रहे हैं।

सतबरवा बसंत बहार होटल के संचालक सतीश कुमार गुप्ता ने कहा कि मलय डैम के ओवरफ्लो होने से स्थानीय दुकानदारों के साथ-साथ अन्य लोगों के रोजगार में भी वृद्धि होगी। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से छोटे दुकानदारों और बोट संचालकों को भी लाभ मिलने लगा है।———–

Leave a Reply