News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Uttarakhand

उत्तराखंड को ‘खेलभूमि’ बनाने की दिशा में काम कर रही सरकार: मुख्यमंत्री धामी

हल्द्वानी, 29 अगस्त । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को कहा कि वर्ष 2027 में होने वाले राष्ट्रीय खेलों में अधिक से अधिक पदक जीतने और ओलंपिक-2036 में प्रदेश के खिलाड़ियों की मजबूत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार विशेष रोडमैप पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को खेलों के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल कर ‘खेलभूमि’ के रूप में स्थापित करना है।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं, बेहतर प्रशिक्षण और पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने के लिए खेल आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। प्रदेश के युवा खिलाड़ियों में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और संसाधन उपलब्ध कराने की है।

धामी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय की स्थापना प्रदेश के खेल क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। आज विश्वविद्यालय के प्रथम चरण के 43.50 करोड़ रुपये के निर्माण कार्यों का शिलान्यास करने के साथ प्रथम शैक्षणिक सत्र का भी शुभारंभ किया गया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय खेल शिक्षा और आधुनिक प्रशिक्षण की सुविधाएं मिलेंगी तथा यह भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने का प्रमुख केंद्र बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत आठ से 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को मासिक खेल छात्रवृत्ति दी जा रही है, जबकि मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत 14 से 23 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति के साथ खेल उपकरण खरीदने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए आउट ऑफ टर्न सरकारी सेवायोजन की व्यवस्था की गई है। इसके तहत अब तक 29 खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति दी जा चुकी है। 38वें राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं को भी विभिन्न विभागों में सेवायोजित करने की प्रक्रिया जारी है।

धामी ने कहा कि ‘एक जनपद-एक खेल’ योजना के माध्यम से प्रत्येक जिले की विशिष्ट खेल पहचान विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग खेल विधाओं के लिए 23 नई हाईटेक खेल अकादमियां स्थापित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का उपयोग भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने में किया जाएगा। उदीयमान खिलाड़ियों की फिटनेस का नियमित मूल्यांकन करने के लिए ‘मौली एआई एप्लीकेशन’ विकसित किया गया है। भविष्य में खेल प्रशिक्षण और प्रदर्शन सुधार में आधुनिक तकनीकों का अधिकाधिक उपयोग किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का आह्वान किया कि वे पूरी मेहनत और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि आर्थिक कठिनाई, संसाधनों की कमी या अवसरों का अभाव किसी प्रतिभाशाली खिलाड़ी के सपने की राह में बाधा न बने।

गौलापार की मिट्टी हर खिलाड़ी का स्वाभिमान’ : रेखा आर्या

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि गौलापार की इस भूमि की मिट्टी को माथे से लगाने का क्षण उनके लिए केवल मिट्टी का कण नहीं, बल्कि राज्य के हर खिलाड़ी का स्वाभिमान और हर मां के सपने का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की दृढ़ इच्छाशक्ति और भगवान शिव की कृपा से क्रीड़ा विश्वविद्यालय का सपना अब धरातल पर आकार ले रहा है।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के शुरू होने के बाद प्रदेश के युवाओं को उच्चस्तरीय कोचिंग, खेल विज्ञान, स्पोर्ट्स मेडिसिन और इंजरी रिकवरी के लिए दिल्ली या विदेशों का रुख नहीं करना पड़ेगा। खेल मंत्री ने खिलाड़ियों से कहा कि सरकार ने उन्हें मंच उपलब्ध करा दिया है, अब वे मेहनत और पसीने के बल पर दुनिया में तिरंगा फहराएं।

खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को पुरस्कार

कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि का डीबीटी के माध्यम से सीधा हस्तांतरण किया गया। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी एवं प्रोत्साहन योजना के तहत चयनित खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति भी प्रदान की गई।

वर्ष 2024-25 के ‘देवभूमि खेल रत्न’ और ‘देवभूमि द्रोणाचार्य पुरस्कार’ से सम्मानित खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र और चेक प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक सरिता आर्या, मोहन सिंह बिष्ट, दीवान सिंह बिष्ट, मेयर हल्द्वानी गजराज सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक महेश नेगी, उत्तराखंड ओलंपिक संघ के सचिव डीके सिंह, कुलदीप बुटोला, मोहन पाठक, सुरेश भट्ट, शंकर कोरंगा, दिनेश आर्य, हरीश पांडे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।————-

Leave a Reply