किशोर-किशोरियों के दुर्व्यवहार की रोकथाम और संरक्षण को लेकर शिविर
नैनीताल, 24 अगस्त । अखिल भारतीय महिला परिषद नैनीताल की ओर से कोटाबाग के ग्राम सौड़ स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में किशोर-किशोरियों से होने वाले दुर्व्यवहार के प्रति जागरूकता, रोकथाम और संरक्षण विषय पर एक दिवसीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक और मानसिक बदलाव, अच्छे और बुरे स्पर्श की पहचान तथा दुर्व्यवहार की स्थिति में कानूनी और पारिवारिक सहायता लेने की जानकारी दी गई।
शिविर में 122 बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। शिक्षिका अंजू ने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक और मानसिक परिवर्तनों के संबंध में जानकारी दी। प्रधानाचार्या गुड़िया वी ने अच्छे और बुरे स्पर्श को पहचानने तथा किसी भी अनुचित व्यवहार के विरुद्ध अपनी बात रखने की क्षमता विकसित करने पर जोर दिया। अधिवक्ता पंकज जोशी ने किशोर-किशोरियों के साथ होने वाले किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार की स्थिति में कानूनी प्रावधानों, विशेषकर लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम तथा पारिवारिक सहायता के माध्यम से संरक्षण प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी।
इस अवसर पर कादम्बरी, आकाश गुसाईं और ललित नाथ सहित विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे। अखिल भारतीय महिला परिषद की अध्यक्ष मुन्नी तिवाड़ी, स्थायी समिति सदस्य मंजू कोटलिया, सचिव प्रीति शर्मा, उपाध्यक्ष सावित्री सनवाल, उपसचिव गीता पांडे, कार्यकारिणी सदस्य नंदिनी पंत और रेखा पंत सहित परिषद की अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहीं।