News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Rajasthan

हाईवे पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं, तत्काल हटाएं : डीएम

धौलपुर, 21 अगस्त । जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी शुक्रवार को सड़क सुरक्षा को लेकर एक्शन मोड में नजर आए। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक के बाद जिला कलेक्टर ने समिति के सभी पदाधिकारियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को साथ लेकर जिले के राष्ट्रीय राजमार्गों का मौके पर निरीक्षण किया।

जिला कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ राजमार्ग संख्या-44, राष्ट्रीय राजमार्ग-123 एवं 11वीं के विभिन्न हिस्सों का जायजा लेते हुए दुर्घटना संभावित क्षेत्रों, ब्लैक स्पॉट, अवैध अतिक्रमण, सड़क किनारे संचालित दुकानों तथा हाईवे से जुड़ने वाले संपर्क मार्गों की स्थिति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को लेकर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि हाईवे की सीमा में किए गए किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए। मनियां में निरीक्षण के दौरान अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को मौके पर ही ध्वस्त कराया गया। हाईवे किनारे अवैध रूप से संचालित दुकानों एवं अन्य गतिविधियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए केवल चालान और कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान, सड़क की तकनीकी कमियों को दूर करना, संकेतक एवं रोड मार्किंग, अतिक्रमण हटाना, यातायात नियमों की पालना तथा आमजन में जागरूकता जैसे सभी पहलुओं पर एक साथ काम करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों में आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई की जाए। निरीक्षण के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान तथा जिला परिवहन अधिकारी गौरव यादव सहित सड़क सुरक्षा समिति के अन्य पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply