News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

MP

भोपाल के सरकारी स्कूल में ताला, बच्चे-शिक्षक नदारद, जिपं उपाध्यक्ष के निरीक्षण में खुली लापरवाही

भोपाल, 21 अगस्त । मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के अरवलिया पंचायत क्षेत्र स्थित परवलिया सानी प्राथमिक स्कूल में शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान शिक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही सामने आई। जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं शिक्षा समिति के सभापति मोहनसिंह जाट दोपहर 2.35 बजे स्कूल पहुंचे तो मुख्य गेट पर ताला लगा मिला। स्कूल परिसर में न तो बच्चे मौजूद थे और न ही शिक्षक।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष जाट के अनुसार, स्कूल में शिक्षकों की गैरमौजूदगी और अव्यवस्थाओं की शिकायतें ग्रामीणों से मिल रही थीं। इसी के चलते उन्होंने शुक्रवार को अचानक स्कूल का निरीक्षण किया। मौके पर स्कूल बंद मिला। कुछ देर बाद एक शिक्षक के पहुंचने पर उपाध्यक्ष ने उनसे स्कूल बंद होने को लेकर जानकारी ली। जिला पंचायत उपाध्यक्ष जाट ने बताया कि स्कूल के बंद होने का निर्धारित समय दोपहर 2.25 बजे बताया गया, जबकि वे 2.35 बजे निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। इस दौरान स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगा था और परिसर में एक भी बच्चा नहीं था। उन्होंने इसे शिक्षा व्यवस्था के प्रति गंभीर लापरवाही बताते हुए संबंधित अधिकारियों से शिकायत की है।

शिक्षक के नशे में होने का लगाया आरोप

उपाध्यक्ष जाट ने आरोप लगाया कि कुछ देर बाद स्कूल पहुंचे शिक्षक नशे की हालत में दिखाई दे रहे थे। उन्होंने शिक्षक को मौके पर फटकार लगाई और मेडिकल जांच कराने की बात कही। जाट ने कहा कि यदि मेडिकल जांच में उनका आरोप गलत साबित होता है तो वे अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। हालांकि, निरीक्षण के दौरान शिक्षक से इस आरोप पर विस्तृत बातचीत नहीं हो सकी। मामले में संबंधित अधिकारियों से जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।

ग्रामीणों ने भी बताई समस्याएं

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने स्कूल की बदहाली और अन्य समस्याओं की जानकारी जिला पंचायत उपाध्यक्ष को दी। जाट ने कहा कि सरकारी स्कूलों में बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। शिक्षकों की अनुपस्थिति और समय से पहले स्कूल बंद किए जाने जैसी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित अधिकारियों से जांच कर कार्रवाई के लिए कहा जाएगा।

Leave a Reply