यूनियन के रुद्राभिषेक में आर्यन बाबू के भजनों पर झूमे श्रद्धालु
पूर्वी सिंहभूम, 17 अगस्त । सावन की तीसरी सोमवारी के अवसर पर टेल्को लेबर ब्यूरो स्थित टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन कार्यालय परिसर में भव्य रुद्राभिषेक एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया।
धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पूरा परिसर वैदिक मंत्रोच्चारण और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। इस अवसर पर विद्वान आचार्यों ने विधि-विधान से भगवान शिव का रुद्राभिषेक कराया। नौ ग्रहों के पूजन के साथ विभिन्न देवी-देवताओं की भी पूजा-अर्चना की गई।
पूजन कार्यक्रम में टाटा मोटर्स प्लांट हेड अनुराग छारिया, एचआर हेड प्रणव कुमार सहित यूनियन की पूरी टीम शामिल हुई। सभी ने भगवान शिव का विभिन्न द्रव्यों से अभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।
रुद्राभिषेक के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इसके बाद भजन संध्या का आयोजन हुआ। आरा से पहुंचे गायक सुभाष राय ने गुरु वंदना, गणेश वंदना और मां शारदे की स्तुति से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद 12 वर्षीय किशोर गायक आर्यन बाबू ने अपनी प्रस्तुति से समां बांध दिया। उनके भजनों पर श्रोता देर शाम तक झूमते रहे।
आर्यन अपने पिता सौरव पाठक के साथ कार्यक्रम में प्रस्तुति देने पहुंचे थे। कार्यक्रम में पूर्व विधायक अरविंद सिंह, विधायक पूर्णिमा दास, कांग्रेस नेता रामाश्रय प्रसाद, राणा सिंह, आनंद वर्धन, प्रशांत सिंह, एसके सिंह, चंदेश्वर खां, झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सौरव तिवारी, पूर्व पार्षद किशोर यादव, पार्षद डॉ परितोष सिंह, केशवमणि, पीके सिंह, जे दास, कमल घोष, विहिप नेता हरेराम ओझा, भाजपा नेता विनोद सिंह सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।