News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Sports

मुरादाबाद के चाइनामैन गेंदबाज शिवांग कुमार का भारतीय क्रिकेट टीम में चयन

मुरादाबाद, 01 अगस्त । उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद महानगर के सिविल लाइन क्षेत्र स्थित चंदन नगर निवासी चाइनामैन गेंदबाज शिवांग कुमार का चयन भारतीय क्रिकेट टीम में बतौर नेट बॉलर हुआ है। शिवांग आगामी श्रीलंका दौरे पर टीम इंडिया के बल्लेबाजों को अपनी गेंदबाजी से अभ्यास कराएंगे।

एमपीएस क्रिकेट एकेडमी के कोच मिर्जा दानिश आलम ने शनिवार काे बताया कि भारतीय टीम अगले महीने श्रीलंका दौरे पर जाएगी। जहां दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी। पहला टेस्ट 15 और दूसरा 23 अगस्त को होगा। शिवांग कुमार मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) से अंडर-16, अंडर-19, अंडर-23, रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जैसे प्रमुख टूर्नामेंट खेल चुके हैं। इसके अलावा वह आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं।

गेंदबाज शिवांग ने बताया कि वह तीन अगस्त को मुंबई में बीसीसीआई को रिपोर्ट करेंगे। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया के साथ जुड़ना उनके लिए गर्व की बात है। वह इस अवसर का पूरा लाभ उठाने का प्रयास करेंगे।

कोच मिर्जा दानिश आलम ने बताया कि शिवांग लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी के साथ उनकी मेहनत रंग ला रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही शिवांग टीम इंडिया की ओर से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलते नजर आएंगे।

————-

Leave a Reply