News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

गोलीकांड और चाकूबाजी के बाद हत्या मामले में 09 गिरफ्तार, 10 फरार

गोलीकांड और चाकूबाजी के बाद हत्या मामले में 09 गिरफ्तार, 10 फरार

पलामू, 31 जुलाई । जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के बंदुआ गांव में 29 जुलाई को हुई गोलीबारी और चाकूबाजी की घटना के बाद एक व्यक्ति की हत्या मामले में पुलिस ने 09 नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त खून लगा चाकू, दो बेल्ट, 7.65 एमएम का खोखा और ब्लड सैंपल बरामद किया है। सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

एसपी कपिल चौधरी के अनुसार गोलीकांड और चाकूबाजी की घटना नाबालिग के साथ छेड़खानी मामले में हुई थी। इस संबंध में 19 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। अन्य आरोपित फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। अन्य की गिरफ्तारी के बाद हथियार बरामद होने की संभावना है। आरोपितों में दो पिता-पुत्र भी शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपितों में इमरान मियां, सरातुल मियां, शहबाज मियां, तबरेज आलम, इसराफिल मियां, सोनू मियां, गोकुल मियां, शेरू मियां, पालु मियां शामिल हैं। सभी बंदुआ के ही रहने वाले हैं।

एसपी ने बताया कि 29 जुलाई की शाम नाबालिग लड़की के साथ छेड़खानी होने पर उसके पिता और मामा ने कुछ युवकों के साथ मारपीट की थी। पिटाई खाने वालों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर हमला किया। इस दौरान चाकूबाजी हुई और गोली भी चली, जिससे मकबूल मियां की मौत हो गयी थी, जबकि सुलेमान मियां और उसकी सास शहीना बीवी इलाजरत हैं।

सबसे पहले गोकुल मियां पकड़ा गया। उसके बाद बाद अन्य की गिरफ्तारी हुई है। गोकुल मियां के खिलाफ चैनपुर थाना में दो आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। महिला अपराध से जुड़ा मामला होने के कारण घटना के तुरंत बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की और आरोपितों को पकड़ा।

Leave a Reply