गुरु पूर्णिमा पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संत-महंतों का सम्मान कर लिया आशीर्वाद
डीग/भरतपुर, 29 जुलाई । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को डीग के पूंछरी में संत-महंतों एवं गुरुओं का सम्मान-अभिनंदन किया। उन्होंने श्रीनाथजी मंदिर परिसर में आयोजित गुरु वंदन कार्यक्रम में संत-महंतों को श्रद्धापूर्वक शॉल-दुपट्टा ओढ़ाकर एवं श्रीफल भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने सपत्नीक भगवान श्रीनाथजी एवं परिक्रमा मार्ग पर स्थित मुकुट मुखारविंद का पंचामृत से अभिषेक किया। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना की तथा देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण के लिए कामना की।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा प्रतिवर्ष गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर पूंछरी का लौठा पहुंचकर गुरुओं एवं संत-महात्माओं का वंदन-पूजन करते हैं। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए गुरुओं का अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने संतों एवं श्रद्धालुओं को भोजन प्रसादी भी परोसी।
मुख्यमंत्री ने बुधवार सुबह गोवर्धन परिक्रमा क्षेत्र के जतीपुरा स्थित वन बिहारी मंदिर में भी दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में अष्ट सखा गोविंद स्वामी बैठक एवं अष्ट द्वार के साथ ही ऐतिहासिक ऐरावत कुंड का अवलोकन भी किया। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को मंदिर परिसर, बैठक स्थल और ऐरावत कुंड के जीर्णाद्धार, सौंदर्यकरण एवं समुचित संरक्षण को लेकर दिशा-निर्देश दिए। इससे पहले उन्होंने श्रीनाथजी मंदिर में सपत्नीक मंगला दर्शन किए तथा प्रदेश की निरंतर प्रगति और प्रदेशवासियों की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री भरतपुर के सेवर में लुधावई स्थित बड़ा हनुमान मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने मंदिर के महंत स्व. रामदास महाराज की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धापूर्वक गुरु वंदन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संत-महात्माओं का सम्मान किया। ण् इससे पहले मुख्यमंत्री ने बड़ा हनुमान मंदिर परिसर के समीप जनसुनवाई की तथा अधिकारियों को आमजन की परिवेदनाओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इस अवसर पर गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम एवं विधायक डॉ. शैलेश सिंह एवं जगत सिंह भी उपस्थित रहे।