News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Rajasthan

गुरु पूर्णिमा पर 40 लाख से अधिक विद्यार्थियों को मिली यूनिफॉर्म की सौगात, मुख्यमंत्री ने डीबीटी से हस्तांतरित किए 250 करोड़ रुपये

भरतपुर/जयपुर, 29 जुलाई । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेश के 40 लाख से अधिक विद्यार्थियों को निःशुल्क स्कूल यूनिफॉर्म की सौगात दी। भरतपुर जिले की वैर तहसील के खेड़ली गुर्जर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कक्षा 1 से 8 तक के पात्र विद्यार्थियों के लिए 250 करोड़ रुपये की राशि प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के माध्यम से हस्तांतरित की।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में पढ़ने की बुनियादी क्षमता विकसित करने, अध्ययन संस्कृति को बढ़ावा देने और विद्यालयों में सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण तैयार करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सबका साथ-सबका विकास के मूलमंत्र को आत्मसात करते हुए राज्य सरकार प्रदेश के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि समयबद्ध तरीके से योजनाओं को धरातल पर उतारना हमारी कार्य संस्कृति का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। राज्य सरकार द्वारा ढाई वर्षों में एक लाख 78 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। वहीं एक लाख 32 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है और 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में पूर्ण पारदर्शिता बरती गई है तथा पेपर लीक माफिया के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के सशक्तीकरण और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में भी राज्य सरकार उल्लेखनीय कार्य कर रही है। खाद्य सुरक्षा योजना में एक करोड़ पात्र व्यक्तियों के नाम जोड़े गए हैं। सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि को बढ़ाकर 1450 रुपये प्रतिमाह किया गया है। मां वाउचर योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क सोनोग्राफी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है तथा लाखों महिलाओं को लखपति दीदी योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनाया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के किसानों को किसान सम्मान निधि के तहत 9 हजार रुपये दिए जा रहे हैं, जिसमें केंद्र सरकार के 6 हजार रुपये के साथ राज्य सरकार की ओर से 3 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता शामिल है। प्रदेश के 26 जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जल उपलब्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता और देवास परियोजना सहित अन्य जल परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए विभिन्न ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 691 करोड़ रुपये से अधिक के शैक्षिक निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने ‘मिशन पढ़ो राजस्थान’ के अंतर्गत रीडिंग प्रमोशन अभियान का शुभारंभ, निपुण कैलेंडर का विमोचन, दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को टैबलेट वितरण और शिक्षकों का सम्मान भी किया।

मुख्यमंत्री ने भरतपुर एवं डीग जिलों के लिए सड़क, विद्युत, ड्रेनेज सहित आधारभूत ढांचे के विकास कार्यों के लिए 1186 करोड़ रुपये से अधिक की सौगात दी। उन्होंने बालिका सैनिक स्कूल का भूमि पूजन और पौधारोपण भी किया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भुसावर के विकास को गति देने के लिए स्थानीय मांग के अनुरूप ब्रज क्षेत्रीय विकास योजना में भुसावर को शामिल करने की घोषणा की। उल्लेखनीय है कि ब्रज क्षेत्र के समन्वित विकास के लिए डीग जिले और भरतपुर जिले की बयाना, रूपवास, सेवर, नदबई और वैर तहसील के गांवों को पहले से इस योजना में शामिल किया गया है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर के विद्यार्थियों से संवाद किया। राजस्थान हॉकी टीम से स्वर्ण पदक जीतने वाले छात्र ने पढ़ाई और खेल के बीच संतुलन की जानकारी साझा की। वहीं कुछ विद्यार्थियों ने अपने नवाचारों और भविष्य की योजनाओं के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को अपनी रुचि के खेल, नवाचार और पढ़ाई के बीच समन्वय बनाकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही देश के सुदृढ़ भविष्य की नींव है।

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश के सभी क्षेत्रों और वर्गों का विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बालिका सैनिक विद्यालय का निर्माण प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने राजकीय विद्यालयों के परिणामों में सुधार के लिए शिक्षकों को बधाई दी।

कार्यक्रम में गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम, विधायक बहादुर सिंह कोली, जगत सिंह, शैलेश सिंह, ऋतु बनावत सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply