जांजगीर-चांपा : संभागायुक्त ने अधिकारियों की ली समीक्षा बैठक, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के लंबित मामलों पर जताई नाराजगी
जांजगीर-चांपा, 24 जुलाई (हि. स.)। बिलासपुर संभाग के संभागायुक्त सुनील जैन ने शुक्रवार को जांजगीर-चांपा कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिलास्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और जनहित से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि आम नागरिकों को योजनाओं का लाभ बिना किसी विलंब के मिल सके।
बैठक में कलेक्टर जन्मेजय महोबे, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, डीएफओ हिमांशु डोंगरे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, आर.के. तंबोली, स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान संभागायुक्त ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की समीक्षा करते हुए शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समय-सीमा के भीतर निराकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने धीमी प्रगति वाले विभागों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों से नियमित मॉनिटरिंग करने और प्रत्येक शिकायत का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
संभागायुक्त ने प्रशासनिक कार्यों में डिजिटल प्रणाली को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए सभी कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से कार्य संचालन सुनिश्चित करने तथा राजस्व न्यायालयों के सभी प्रकरणों को ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऑटो डायवर्सन, अविवादित नामांतरण, भू-अर्जन, मुआवजा सहित लंबित राजस्व मामलों की समीक्षा कर इनके शीघ्र निराकरण के निर्देश भी दिए।
बैठक में एग्रीस्टैक और फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की भी समीक्षा की गई। संभागायुक्त ने शेष पात्र किसानों का पंजीयन जल्द पूरा कराने के निर्देश देते हुए कहा कि किसान हित से जुड़ी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने जिले में कुपोषण की स्थिति पर चिंता व्यक्त की और कुपोषण दर कम करने के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के प्रभावी संचालन, सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने तथा जहां पानी की टंकी नहीं है वहां शीघ्र प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए।
शिक्षा विभाग की समीक्षा में संभागायुक्त ने शिक्षकों और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, ई-अटेंडेंस का शत-प्रतिशत उपयोग करने तथा अपार आईडी, पीएम श्री स्कूल और बाल वाटिका के प्रभावी संचालन पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा की तैयारी अभी से शुरू करने तथा परीक्षा परिणामों के आधार पर विद्यालयों का विश्लेषण कर कमजोर प्रदर्शन वाले स्कूलों पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना और विकसित भारत से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने अपूर्ण और अप्रारंभ कार्यों को जल्द शुरू कर समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं लखपति दीदी योजना के तहत अधिक से अधिक स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को लाभान्वित करने पर भी जोर दिया।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में संभागायुक्त ने जल जीवन मिशन के शेष कार्यों में तेजी लाने, सभी पेयजल स्रोतों का नियमित क्लोरीनीकरण सुनिश्चित करने तथा सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आयुष्मान भारत कार्ड और वय वंदना कार्ड के शत-प्रतिशत निर्माण के साथ व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने की बात भी कही।
नगरीय निकायों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अमृत योजना, जल आवर्धन योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। वहीं विद्युत विभाग को प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति बढ़ाने तथा लो-वोल्टेज प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने के निर्देश दिए।
कृषि विभाग की समीक्षा में संभागायुक्त ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत सभी पात्र किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने, खाद और बीज की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने तथा किसानों को फसल चक्र अपनाने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में संभागायुक्त सुनील जैन ने कहा कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी और जवाबदेह कार्यशैली अपनाने के निर्देश देते हुए सभी विभागों से बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।