झांसी में रेस्टोरेंट के अंदर प्रधान पुत्र की गोली मारकर हत्या
झांसी, 24 जुलाई । उत्तर प्रदेश में झांसी जिले में स्थित पॉश इलाके के इलाइट चौराहा स्थित द मेड किचन रेस्टोरेंट में गुरुवार की रात महिला प्रधान के बेटे के सिर में सटाकर गोली मार दी। वारदात उस समय हुई, जब वह अपने चार दोस्तों के साथ खाना खा रहा था। घटना के बाद हमलावर पार्किंग में पहले से बाइक लेकर खड़े अपने साथी के साथ फरार हो गया। घायल युवक को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां देर रात करीब एक बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए एसओजी समेत तीन टीमें गठित कर दी हैं।
मृतक की पहचान गरौठा थाना क्षेत्र के हैवतपुरा गांव निवासी संजय सिंह उर्फ संजू (33) के रूप में हुई। उसकी मां रामदेवी गांव की प्रधान हैं। संजय अविवाहित था और पिछले छह वर्षों से झांसी में रहकर एलएलबी की पढ़ाई कर रहा था। साथ ही कचहरी में अधिवक्ता दशरथ सिंह के यहां मुंशी का काम करता था।
संजय के दोस्त शिवम ने बताया कि गुरुवार शाम वह एडवोकेट दशरथ सिंह और उनके मित्र एडवोकेट नारायण ओझा के साथ दतिया स्थित पीतांबरा पीठ दर्शन के लिए गया था। लौटते समय सभी लोग इलाइट चौराहा स्थित द मेड किचन रेस्टोरेंट में भोजन करने पहुंचे। संजय ने अपने मित्र धर्मेंद्र को भी वहीं बुला लिया। पांचों लोग खाना लगभग खत्म कर चुके थे, तभी काले कपड़े पहने एक युवक रेस्टोरेंट के अंदर आया और संजय के सिर पर तमंचा सटाकर गोली मार दी।
गोली चलने से रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई। आरोपित तमंचा लहराते हुए बाहर भागा। पार्किंग में मौजूद गार्ड ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह बिना नंबर की बाइक पर सवार अपने साथी के साथ फरार हो गया। दोस्तों ने गंभीर रूप से घायल संजय को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
रेस्टोरेंट संचालक वंश ने बताया कि घटना के समय कई अन्य ग्राहक भी मौजूद थे। गोली चलने के बाद लोग खाना छोड़कर बाहर भाग निकले। सूचना मिलते ही नवाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस रेस्टोरेंट व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
मृतक के बड़े भाई सर्वेश ने बताया कि परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। प्रधानी को लेकर भी कोई विवाद नहीं चल रहा था। संजय कभी-कभार ही गांव आता था और झांसी में रहकर पढ़ाई के साथ जमीन संबंधी काम भी देखता था। परिवार को यह नहीं पता कि उसकी हत्या किसने और किस वजह से की।
देर रात घटना स्थल समेत मेडिकल कॉलेज पहुंचे एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए एसओजी समेत तीन पुलिस टीमें लगाई गई हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य अहम सुरागों के आधार पर आरोपितों की तलाश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
————-