News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Delhi

बालोगुन के रेड कार्ड विवाद पर ट्रंप की टिप्पणी के बाद रेफरी क्लॉस के समर्थन में उतरा फीफा

मियामी, 07 जुलाई । फीफा विश्व कप 2026 में अमेरिका के स्ट्राइकर फोलारिन बालोगुन को मिले रेड कार्ड को लेकर विवाद गहरा गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ब्राज़ीलियाई रेफरी राफेल क्लॉस की निष्पक्षता पर सवाल उठाने के बाद फीफा ने अपने रेफरी का खुलकर बचाव किया और कहा कि क्लॉस विश्व के सर्वश्रेष्ठ रेफरियों में से एक हैं तथा उनकी ईमानदारी और पेशेवर क्षमता पर संगठन को पूरा भरोसा है।

राउंड ऑफ-16 से पहले यह विवाद तब शुरू हुआ जब बालोगुन को बोस्निया और हर्जेगोविना के खिलाफ राउंड ऑफ-32 मुकाबले में वीएआर समीक्षा के बाद रेड कार्ड दिखाया गया था। रेफरी क्लॉस ने बालोगुन को तारिक मुहरेमोविच के टखने पर स्टड मारने का दोषी मानते हुए मैदान से बाहर भेज दिया था।

हालांकि बाद में फीफा ने बालोगुन पर लगी एक मैच की पाबंदी हटा दी, जिससे वह बेल्जियम के खिलाफ प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में खेलने के लिए उपलब्ध हो गए।

ट्रंप ने रेफरी पर उठाए सवाल

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने इस फैसले की समीक्षा कराने को कहा था। उन्होंने राफेल क्लॉस पर निशाना साधते हुए कहा, “अगर आप उनके पुराने रिकॉर्ड देखें तो वे थोड़े संदिग्ध लगते हैं।”

हालांकि ट्रंप ने अपने आरोपों के समर्थन में कोई ठोस कारण या उदाहरण नहीं दिया।

फीफा ने दिया रेफरी का साथ

फीफा ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा,”राफेल क्लॉस विश्व के प्रमुख पेशेवर रेफरियों में शामिल हैं और फीफा विश्व कप में ‘टीम वन’ (फीफा के एलीट रेफरी समूह) के सम्मानित सदस्य हैं। अपने पूरे करियर में उन्होंने लगातार उच्चतम स्तर की पेशेवरता और ईमानदारी का परिचय दिया है।”

फीफा ने यह भी स्पष्ट किया कि टूर्नामेंट के दौरान रेफरियों के मीडिया से बात न करने की नीति के तहत क्लॉस इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।

इंफैन्टिनो बोले- रेफरियों का सम्मान जरूरी

फीफा अध्यक्ष जियानी इंफैन्टिनो ने कहा,”मैं फिर दोहराना चाहता हूं कि हमें रेफरियों और खेल के नियमों का सम्मान करना चाहिए। यह बहुत सरल बात है और इसे कभी भी कम करके नहीं आंका जा सकता। रेफरी नहीं होंगे तो फुटबॉल भी नहीं होगा।”

कोलिना ने भी जताया भरोसा

फीफा के मुख्य रेफरी अधिकारी और रेफरी समिति के अध्यक्ष पियरलुइगी कोलिना ने कहा,

“राफेल क्लॉस अपने दूसरे फीफा विश्व कप में रेफरी की भूमिका निभा रहे हैं। इससे पहले वह 2022 कतर विश्व कप में भी हमारी टीम का हिस्सा थे। वह अनुभवी और बेहद सम्मानित रेफरी हैं तथा हमें उन पर पूर्ण विश्वास है।”

600 से अधिक मैचों का अनुभव

46 वर्षीय राफेल क्लॉस अपने करियर में 600 से अधिक मुकाबलों में रेफरिंग कर चुके हैं। विवाद के बावजूद फीफा ने स्पष्ट कर दिया है कि वह अपने अधिकारी के साथ मजबूती से खड़ा है।

इस बीच, प्रतिबंध हटने के बाद फोलारिन बालोगुन को अमेरिका के मुख्य कोच मॉरिसियो पोचेटिनो ने बेल्जियम के खिलाफ राउंड ऑफ-16 मुकाबले की प्लेइंग इलेवन में शामिल किया।

Leave a Reply