फायरिंग मामले में फरार आरोपित गिरफ्तार
पूर्वी सिंहभूम, 04 जुलाई । जुगसलाई थाना क्षेत्र में कपड़ा व्यवसायी से रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से की गई फायरिंग की घटना में फरार चल रहे आरोपित मोहित बाग उर्फ थाटो को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर निवासी मोहित लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। उसकी गिरफ्तारी के साथ ही इस चर्चित मामले में नामजद सभी मुख्य आरोपिताें को पुलिस पकड़ चुकी है।
सिटी एसपी ललित मीणा ने शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि 15 मई को जुगसलाई नगर परिषद कार्यालय के बाजार स्थित यूनिक कलेक्शन कपड़ा दुकान पर अपराधी मैरून रंग की वैगन आर कार से पहुंचे थे। अपराधियों ने रंगदारी की नीयत से दुकान पर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने विशेष जांच दल का गठन कर तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपिताें की पहचान की।
जांच में इस वारदात के पीछे मनीष सिंह गिरोह के अपराधियों की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने सन्नी सिंह सरदार, सागर उपाध्याय उर्फ बिक्कू मात्रे, बानेश्वर नामता उर्फ मानस, अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ आर्यन और मोहित बाग उर्फ थाटो को इस घटना में आरोपित बनाया था। इनमें से सभी आरोपिताें की गिरफ्तारी हो चुकी थी, लेकिन मोहित फरार था।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छायानगर स्थित उसके घर के समीप छापेमारी कर मोहित बाग को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और पुलिस उसके नेटवर्क तथा वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
सिटी एसपी ने बताया कि इस मामले में इससे पहले राहुल सिंह उर्फ बड़कू, हरप्रीत सिंह भामराह उर्फ हैप्पी, राहुल सिंह उर्फ गेटलु, अंकित सोनकर और शिवम रामटेके को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस कार्रवाई के दौरान पांच देसी पिस्तौल, घटना में इस्तेमाल की गई वैगन आर कार तथा कई गोलियां भी बरामद की गई थीं।