लॉस एंजिलिस ओलंपिक-2028 से क्रिकेट की वापसी के लिए क्वालिफिकेशन और टूर्नामेंट प्रारूप घोषित
नई दिल्ली, 29 जून । अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 (एलए28) में क्रिकेट की ऐतिहासिक वापसी के लिए क्वालिफिकेशन प्रक्रिया और टूर्नामेंट के प्रारूप की आधिकारिक घोषणा कर दी है। क्रिकेट 128 साल बाद ओलंपिक में वापसी करेगा और पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में टी-20 प्रारूप में मुकाबले खेले जाएंगे।
प्रत्येक वर्ग में छह-छह टीमें हिस्सा लेंगी। अफ्रीका, एशिया, यूरोप और ओशिनिया से कम से कम एक-एक टीम की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। पांच टीमें मौजूदा आईसीसी प्रतियोगिताओं और टी-20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग के आधार पर सीधे क्वालिफाई करेंगी, जबकि अंतिम स्थान के लिए आईसीसी ओलंपिक क्वालिफायर 2027 का आयोजन किया जाएगा।
भारत की महिला टीम ने ओलंपिक का टिकट किया पक्का
आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप 2026 के प्रदर्शन के आधार पर ऑस्ट्रेलिया, ग्रेट ब्रिटेन (इंग्लैंड), भारत और दक्षिण अफ्रीका ने एलए28 ओलंपिक के लिए क्वालिफिकेशन हासिल कर लिया है। ये टीमें अपने-अपने महाद्वीप की सर्वश्रेष्ठ पात्र टीमों के रूप में चुनी गईं।
वेस्टइंडीज सीधे नहीं खेल सकेगा ओलंपिक
आईसीसी ने स्पष्ट किया कि वेस्टइंडीज एक संयुक्त क्रिकेट इकाई है और आईओसी द्वारा मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (एनओसी) नहीं है। ऐसे में वेस्टइंडीज सीधे ओलंपिक में हिस्सा नहीं ले सकेगा। यदि उसकी टीम रैंकिंग के आधार पर पात्र होती है, तो कैरेबियाई देशों के बीच अलग क्वालिफायर आयोजित होगा, जिससे तय होगा कि कौन-सा देश आईसीसी ओलंपिक क्वालिफायर 2027 में खेलेगा।
अमेरिका को मेजबानी का लाभ, लेकिन शर्त के साथ
मेजबान अमेरिका को पुरुष और महिला दोनों वर्गों में ओलंपिक में खेलने का मौका मिल सकता है, लेकिन इसके लिए उसे 30 जून से 31 दिसंबर के बीच किसी भी समय आईसीसी टी-20 रैंकिंग में शीर्ष-15 के भीतर रहना होगा। यदि अमेरिका यह शर्त पूरी नहीं कर पाता है, तो उसका स्थान रैंकिंग के आधार पर दूसरी टीम को दिया जाएगा।
2027 में होगा ओलंपिक क्वालिफायर
पुरुष और महिला दोनों वर्गों में आठ-आठ टीमें आईसीसी ओलंपिक क्वालिफायर 2027 खेलेंगी। इसमें पहले से क्वालिफाई कर चुकी टीमों को छोड़कर रैंकिंग के आधार पर शीर्ष सात टीमें और एक अतिरिक्त पात्र टीम शामिल होगी। विजेता टीम ओलंपिक का अंतिम टिकट हासिल करेगी।
ऐसा होगा टूर्नामेंट प्रारूप
प्रत्येक टीम 15 खिलाड़ियों का दल चुनेगी। छह टीमों को तीन-तीन टीमों के दो समूहों में बांटा जाएगा। हर टीम अपने समूह की दोनों टीमों से एक-एक मुकाबला खेलेगी, इसके बाद दूसरे समूह की उन दो टीमों से खेलेगी जो समान स्थान पर नहीं रही होंगी।
अंक तालिका में शीर्ष दो टीमें स्वर्ण पदक के लिए भिड़ेंगी, जबकि तीसरे और चौथे स्थान की टीमें कांस्य पदक मुकाबला खेलेंगी।
पुरुष और महिला दोनों प्रतियोगिताओं को मिलाकर कुल 28 मैच खेले जाएंगे। सभी मुकाबले लॉस एंजिलिस के पोमोना में बनाए जा रहे विशेष क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होंगे।
आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने कहा कि क्रिकेट की ओलंपिक में वापसी खेल के लिए ऐतिहासिक अवसर है और इससे दुनिया भर में क्रिकेट को नई पहचान मिलेगी। वहीं आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता ने कहा कि यह मंच क्रिकेट को दो अरब से अधिक प्रशंसकों से जोड़ने के साथ नए देशों में भी खेल के विस्तार का बड़ा माध्यम बनेगा।