News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

UP

फर्रुखाबाद : झाड़ियों में मिला बिहार के युवक का शव

फर्रुखाबाद 28 जून । उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में मोहम्मदाबाद कोतवाली स्थित इटावा-बरेली हाईवे स्थित एक गेस्ट हाउस के पीछे रविवार को झाड़ियों में युवक का शव मिला। सूचना मिलने पर 112 एवं थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच की गई।

कायमगंज के क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि मोहम्मदाबाद थाने अंतर्गत हाईवे से लगभग 200 मीटर दूर बरसाना गेस्ट हाउस के पीछे झाड़ियों में पड़ा देखा गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। तलाशी के दौरान युवक की जेब से तंबाकू, फटी हुई डायरी तथा आधार कार्ड मिला है। आधार कार्ड से मृतक की पहचान बिहार नवादा जनपद थाना क्षेत्र के ग्राम बीझो कौवाकोल निवासी बलवीर मांझी (३४) पुत्र ब्रह्मदेव मांझी के रूप में हुई।

मृतक युवक के गले में गेरुआ रंग की चुनरी का फंदा बंधा था, कान और नाक से खून निकलने के निशान पाए गए हैं। परिस्थितियों को देखते हुए हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि युवक की हत्या कर शव को लाकर फेंका गया। युवक के पहनावे से अनुमान लगाया गया कि वह किसी ईंट-भट्ठे या अन्य स्थान पर मजदूरी करने आया हो सकता है।

क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि उपनिरीक्षक हरीश कुमार ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मृतक के परिजनों और उसके संबंधों की जानकारी जुटाने में पुलिस सक्रिय हो गई है। क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Leave a Reply