News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Himachal Pradesh

शिमला : किराये के कमरे से 6 ग्राम चिट्टा बरामद, तीन युवक गिरफ्तार

शिमला, 22 जून । शिमला के ढली क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक किराये के कमरे से करीब 6 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इस मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार 21 जून को ढली थाना की टीम क्षेत्र में गश्त और नशे की रोकथाम के अभियान पर थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि विकास कॉलोनी, ढली में एक किराये के कमरे में कुछ युवक मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त में शामिल हैं और उनके पास चिट्टा मौजूद है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान कमरे से करीब 6 ग्राम चिट्टा, एक डिजिटल वज़न मशीन और एक सिरिंज बरामद की गई।

पुलिस का कहना है कि डिजिटल वज़न मशीन की बरामदगी से यह आशंका जताई जा रही है कि मादक पदार्थों की तौल कर उनकी खरीद-फरोख्त की जा रही थी।

मौके पर मौजूद तीन युवकों को पुलिस ने हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान 23 वर्षीय सौरभ, निवासी गांव पुनण, तहसील ननखड़ी, 30 वर्षीय पंकज कुमार, निवासी गांव धारन, तहसील ननखड़ी और 27 वर्षीय विक्रांत, निवासी ननखड़ी, जिला शिमला के रूप में हुई है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना ढली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था तथा इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार अदालत में पेश किया जाएगा। साथ ही नशे के कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply