News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

MP

दतिया: ग्वालियर-हाईवे पर सड़क किनारे जली हालत में मिला महिला का शव, हत्या की आशंका

दतिया, 22 जून । मध्य प्रदेश के दतिया जिले में सोमवार सुबह ग्वालियर-दतिया हाईवे पर एक महिला का जला हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना गोराघाट थाना क्षेत्र के उपराय गांव के पास पुल की बताई जा रही है। शव की हालत को देखते हुए पुलिस हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए शव जलाए जाने की आशंका जता रही है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे पुल के पास एक जली हुई अवस्था में महिला का शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गोराघाट थाना पुलिस के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत सिंह चावला मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

एएसपी मंजीत सिंह चावला ने बताया कि महिला का शव सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। प्रथम दृष्टया मामला गंभीर और संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की जानकारी जुटा रही है, ताकि महिला की पहचान की जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका की पहचान होने के बाद ही घटना के कारणों और वारदात की परिस्थितियों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply