News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

अमन दुबे हत्याकांड मामले में अधेड़ प्रेमी युगल गिरफ्तार

रामगढ़, 16 जून । जिले के कुजू ओपी क्षेत्र में एक 28 वर्षीय युवक अमन दुबे की हत्याकांड में शामिल एक अधेड़ प्रेमी युगल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अवैध संबंध और उसके बीच आए लोगों में हुए विवाद के कारण हत्या की गई। पुलिस ने मंगलवार को अमन दुबे की हत्या में शामिल जसवंत प्रजापति (50) और सुमन देवी (47) को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।

अमन दुबे की हत्या के मामले में उसकी मां किरण देवी ने कुजू ओपी में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। उसने जसवंत प्रजापति और सुमन देवी पर हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने जब जांच शुरू की तो त्रिकोणीय प्रेम संबंध का मामला उजागर हुआ। फोन कॉल से यह स्पष्ट हुआ कि सुमन देवी के साथ अमन दुबे का भी अवैध संबंध था। सुमन और जसवंत प्रजापति का साथ उसे पसंद नहीं था। जिसका वह लगातार विरोध कर रहा था। मृतक की मां किरण देवी ने पुलिस को बताया था की घटना के दिन 12 जून को उनके पुत्र अमन दुबे को फोन कर बुलाया गया था। जब वह जसवंत और सुमन के घर से लौटा तो उसकी हालत ठीक नहीं थी। उसके पुत्र ने घर में बताया था कि उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई है। बाद में उसकी मौत हो गई।

सुमन देवी ने पूछताछ के दौरान अपनी पुरानी प्रेम कहानी भी पुलिस के सामने रखी। उसने बताया कि उसकी शादी राजदेव विश्वकर्मा के साथ हुई थी। लेकिन वह उसके साथ खुश नहीं थी। अपने पति को छोड़ वह जसवंत प्रजापति के साथ रहने लगी और रजरप्पा मंदिर में शादी कर ली थी। पिछले 19 वर्षों से जसवंत और सुमन एक साथ रह रहे हैं। हालांकि जसवंत की शादी किसी दूसरी महिला से हुई थी और वह भी अलग घर में जसवंत के बच्चों के साथ ही रह रही है।

कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि जसवंत प्रजापति और अमन दुबे के बीच मारपीट हुई थी। इसका सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है। मारपीट के दौरान ही शायद अमन को छाती में गंभीर अंदरूनी चोट लग गई थी। जिसकी वजह से वह परेशान था। जब वह अपने घर लौटा तो अचेत अवस्था में ही उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की पूरी वजह स्पष्ट होगी।

Leave a Reply