News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

विनीत हत्याकांड के आरोपित का पुलिस ने निकाला मार्च

पलामू, 14 जून । पलामू के चर्चित विनीत तिवारी हत्याकांड के आरोपित दिलीप तिवारी उर्फ मिंटू का पुलिस ने रविवार को मार्च निकाला। पुलिस हथकड़ी लगाकर शहर थाना से सेंट्रल जेल तक पैदल ले गई।

उल्लेखनीय है कि दिलीप तिवारी उर्फ मिंटू को पूछताछ के लिए पुलिस ने 24 घंटों के लिए रिमांड पर लिया था। रिमांड अवधि समाप्त होने पर पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर सख्त कदम उठाते हुए सदर एसडीपीओ राजेश यादव, शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार सहित अन्य पुलिस कर्मियों ने दिलीप तिवारी को शहर थाना से पैदल लेकर गई। इसी क्रम में छह मुहान से बस स्टैंड होते हुए जेलहाता चौक से जेल तक पैदल मार्च कराया गया।

25 अप्रैल को रेडमा निवासी जमीन कारोबारी विनीत तिवारी का उसके घर के समीप से अपहरण कर लिया गया था और पिटाई करने के बाद हत्या कर दी गई थी। विनीत का नग्न शव मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के जोरकट स्थित झाड़ी से बरामद की गई थी। इस संबंध में विनीत तिवारी के पिता ने दिलीप तिवारी के अलावा उसके भाई प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल सहित अन्य लोगों के खिलाफ शहर थाना में मुकदमा दर्ज कराया था। हाई प्रोफाइल मामला होने के बावजूद पुलिस अब तक दिलीप तिवारी को छोड़कर किसी अन्य आरोपित को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। पिछले दिनों पुलिस ने प्रदीप तिवारी सहित अन्य आरोपितों के घर पर न्यायालय के आदेश पर इश्तेहार चिपकाया था और पुलिस के समक्ष या न्यायालय में सरेंडर करने की चेतावनी दी थी।

इधर रिमांड पर लेने के बाद दिलीप तिवारी ने पुलिस को विनीत हत्याकांड से जुड़े कई अहम जानकारी दी है, जिससे आगे के अनुसंधान में काफी मदद मिलने की उम्मीद है।

इधर, पुलिस ने आरोपित प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल के आवास और उसकी जमीन की नापी भी करवा ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अगर महाकाल जल्द सरेंडर नहीं करता है, तो उसके घर और संपत्ति की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।

Leave a Reply