सीआरपीएफ वाहिनी में रक्तदान शिविर आयोजित
पश्चिमी सिंहभूम, 14 जून । विश्व रक्तदाता दिवस 2026 के अवसर पर 174 वीं वाहिनी, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), चाईबासा में रविवार को जागरूकता कार्यक्रम और रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत वाहिनी कमांडेंट मनोज डंग ने की। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और जवानों को रक्तदान की महत्ता के बारे में जानकारी देते हुए रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
मनोज डंग ने रक्तदान को महादान बताते हुए सभी सक्षम लोगों से इस पुनीत कार्य में आगे आने की अपील की। इस दौरान विश्व रक्तदाता दिवस 2026 से संबंधित शपथ भी दिलाई गई। उन्होंने बताया कि विश्व रक्तदाता दिवस की शुरुआत 14 जून 2004 को हुई थी। वर्ष 2005 में विश्व स्वास्थ्य संगठन की 58 वीं विश्व स्वास्थ्य सभा ने इसे वार्षिक वैश्विक कार्यक्रम के रूप में घोषित किया। तब से प्रत्येक वर्ष 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 के विश्व रक्तदाता दिवस की थीम मानवता की एक बूंद, रक्तदान करें, जीवन बचाएं रखी गई है। इस अवसर पर वाहिनी के अधिकारियों और जवानों ने रक्तदान किया। सदर अस्पताल चाईबासा, पश्चिम सिंहभूम और वाहिनी अस्पताल की टीम ने स्वास्थ्य मानकों और तकनीकी जांच के बाद रक्त संग्रह की प्रक्रिया पूरी की। रक्तदाताओं को जलपान और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. शिवचरण हस्दा, चिकित्सा अधीक्षक, सदर अस्पताल चाईबासा, रजनीश कुमार, द्वितीय कमान अधिकारी, धर्मेन्द्र नारायण सिंह, उप कमांडेन्ट, शांति किस्कू, सहायक कमांडेन्ट, वाहिनी चिकित्साधिकारी डॉ संदीप कुमार और वाहिनी के अन्य अधिकारी और जवान मौजूद थे ।