नीमचः डायल-112 के जवानों ने कारों की टक्कर में घायल 3 लोगों को त्वरित सहायता पहुंचाकर अस्पताल में कराया भर्ती
भोपाल, 08 जून । मध्य प्रदेश के नीमच जिले के थाना जावद क्षेत्र में डायल-112 जवानों की तत्परता एवं संवेदनशील कार्यवाही से सड़क दुर्घटना में घायल हुई दो महिलाओं एवं एक पुरुष को समय पर अस्पताल पहुँचाकर उपचार उपलब्ध कराया गया। त्वरित सहायता मिलने से घायलों को समय रहते चिकित्सकीय सुविधा मिल सकी।
पुलिस मुख्यालय द्वारा जानकारी दी गई कि सोमवार को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल में सूचना प्राप्त हुई कि थाना जावद क्षेत्र अंतर्गत नानपुरिया रोड पर दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई है, जिसमें दो महिलाएँ एवं एक पुरुष घायल हो गए हैं। पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना प्राप्त होते ही तत्काल थाना जावद क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
डायल-112 स्टाफ आरक्षक 216 सुरेश धनगर एवं पायलट अरुण चंदेल ने मौके पर पहुंचकर पाया कि दो कारों की भिड़ंत में तीन व्यक्ति घायल हो गए थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डायल-112 जवानों ने त्वरित कार्यवाही करते हुए सभी घायलों को सुरक्षित डायल-112 वाहन की सहायता से शासकीय चिकित्सालय, जावद पहुँचाया।डायल-112 की त्वरित प्रतिक्रिया से घायलों को समय पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध हो सकी।