इंदौरः रोजगार मेले में 113 युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों में मिला रोजगार
इंदौर, 01 जून । मध्य प्रदेश के इंदौर में जिला प्रशासन द्वारा बेरोजगार आवेदकों को एक छत के नीचे रोजगार और स्वरोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार कार्यालय द्वारा सोमवार को रोजगार मेले (युवा संगम कार्यक्रम) का आयोजन किया गया। इस युवा संगम कार्यक्रम में कुल 11 कंपनियों द्वारा 113 युवाओं का चयन रिक्त पदों की पूर्ति हेतु किया गया।
जिला रोजगार कार्यालय के उप संचालक पीएस मण्डलोई ने बताया कि इस रोजगार मेले में कुल 237 उम्मीदवारों ने पंजीयन कराया था , जिसमें से कुल 172 युवक एवं 65 युवतियों शामिल है। कुल 113 आवेदकों का प्रारंभिक रूप से फार्मासिस्ट, एचआर, सेल्स एक्जीक्यूटिव, सहायक प्रबंधक, डिजिटल मार्केटिंग, टेलीकॉलर, बेक ऑफिस, ट्रेनी, फीटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, कोपा, टर्नर, ऑपरेटर आदि पदों के लिए चयन किया गया।
उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में जिला उद्योग केंद्र के मैनेजर द्वारा स्वरोजगार के इच्छुक 08 आवेदकों को शासन द्वारा संचालित स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी और मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही स्वरोजगार हेतु प्रकरण तैयार करने के लिए प्रेरित किया गया। शासन की अप्रेन्टिशिप योजना अंतर्गत 04 आवेदकों का चयन कर कंपनी में भेजे गये। उक्त कार्यक्रम तीनों विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों की सहभागिता से सफलतापूर्वक संपन्न कराया।