मुख्यमंत्री योगी 22 मई काे देवरिया-कसया चार लेन मार्ग का करेंगे शिलान्यास
देवरिया, 20 मई । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 मई को देवरिया आएंगे। वह देवरिया – कसया मार्ग चार लेन निर्माण का शिलान्यास करेंगे। इसके लिए प्रशासन और भाजपा संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। रामपुर कारखाना ब्लॉक सभागार में जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह की अध्यक्षता में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी व वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की तैयारी बैठक की गई। इसमें मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने पर जोर दिया गया।
जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा कि खुशी की बात है कि देवरिया कुशीनगर मार्ग फोर लेन होने जा रहा है। बहुत दिनों से इस घड़ी का इंतजार देवरियावासी कर रहे थे। इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री श्रीनिवास मणि त्रिपाठी, राजेश कुमार मिश्र, अजय शाही, अजय कुमार दुबे, गंगा कुशवाहा, अभिषेक राय, संतोष मिश्रा, भारती शर्मा समेत अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसकी सुगबुगाहट मिलते ही जिला प्रशासन ने भी तैयारी शुरू कर दी है। बुधवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने शिलान्यास कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।