मध्य प्रदेश लीग का आगाज 3 जून से, इंदौर के विभिन्न मैदानों पर खेले जाएंगे मुकाबले
इंदौर, 18 मई । मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) 2026 का आयोजन 3 जून से इंदौर में शुरू होगा। इस बार टूर्नामेंट का विस्तार किया गया है, जिसमें पुरुष वर्ग की 10 और महिला वर्ग की 5 टीमें हिस्सा लेंगी। मुकाबले इंदौर के विभिन्न मैदानों पर खेले जाएंगे।
पुरुष वर्ग के टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला 3 जून को होलकर स्टेडियम में शाम 7:30 बजे ग्वालियर चीता्स और उज्जैन फाल्कन्स के बीच खेला जाएगा। महिला वर्ग की प्रतियोगिता 4 जून से शुरू होगी, जहां पहले मुकाबले में चंबल घड़ियाल्स का सामना ग्वालियर शेरनिस से होगा। यह मैच सुबह 10 बजे डेली कॉलेज, इंदौर में खेला जाएगा।
पूर्व एमपीएल चेयरमैन महानार्यमन सिंधिया ने टूर्नामेंट के कार्यक्रम की घोषणा करते हुए कहा,“हम मध्य प्रदेश लीग के आगामी सत्र का कार्यक्रम घोषित करते हुए बेहद खुश हैं। इस बार अधिक टीमें, ज्यादा मुकाबले और विस्तारित महिला प्रतियोगिता इसे पहले से कहीं बड़ा और अधिक प्रतिस्पर्धी बनाएगी।”
उन्होंने आगे कहा, “यह लीग लगातार मध्य प्रदेश के उभरते क्रिकेटरों को मजबूत मंच प्रदान कर रही है। हमें उम्मीद है कि इस सीजन में दर्शकों को उच्च स्तरीय क्रिकेट और शानदार प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।”
महिला प्रतियोगिता में अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी। एलिमिनेटर मुकाबला 12 जून को खेला जाएगा, जबकि महिला फाइनल 13 जून को होलकर स्टेडियम में आयोजित होगा।
4 जून से पुरुष वर्ग में डबल हेडर और ट्रिपल हेडर मुकाबलों की शुरुआत होगी। 4 जून को मालवा स्टैलियंस और चंबल घड़ियाल्स के बीच दोपहर 3 बजे मुकाबला होगा। इसके बाद शाम 7:30 बजे भोपाल लेपर्ड्स और इंदौर पिंक पैंथर्स आमने-सामने होंगे।
पुरुष वर्ग का लीग चरण 24 जून तक चलेगा, जबकि दोनों सेमीफाइनल 25 जून को होलकर स्टेडियम में खेले जाएंगे। एमपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला 26 जून को शाम 7:30 बजे इंदौर के होलकर स्टेडियम में आयोजित होगा।
इस बार पुरुष वर्ग में मालवा स्टैलियंस, उज्जैन फाल्कन्स और रॉयल निमाड़ ईगल्स नई टीमों के रूप में शामिल हुई हैं। इनके अलावा भोपाल लेपर्ड्स, बुंदेलखंड बुल्स, चंबल घड़ियाल्स, ग्वालियर चीता्स, इंदौर पिंक पैंथर्स, जबलपुर रॉयल लायंस और रीवा जैगुआर्स भी टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी।
महिला वर्ग में ग्वालियर शेरनिस और रॉयल निमाड़ ईगल्स नई फ्रेंचाइजी के रूप में शामिल हुई हैं। ये टीमें भोपाल वुल्व्स, बुंदेलखंड बुल्स और चंबल घड़ियाल्स के साथ प्रतियोगिता में भाग लेंगी।