प्रोजेक्ट बदलाव के तहत 75 संकुल संगठनों में सखी दिवस आयोजित
पश्चिमी सिंहभूम, 10 मई ।
पश्चिमी सिंहभूम जिले में नवाचार के तहत झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के माध्यम से संचालित 75 संकुल संगठनों में प्रोजेक्ट बदलाव के तहत संकुल स्तरीय सखी दिवस कार्यक्रम का आयोजन रविवार को किया गया। कार्यक्रम में सीएलएफ और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपायुक्त मनीष कुमार और पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राज लक्ष्मी शामिल हुए। दोनों अधिकारियों ने दीदियों को संबोधित करते हुए मातृत्व दिवस की बधाई दीं और प्रत्येक माह आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रमों में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्ट बदलाव के तहत संचालित विशेष गतिविधियों की जानकारी दी गई। साथ ही रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लेने और रक्तदान के लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया। मदर्स डे के अवसर पर पौधरोपण भी किया गया।
उपायुक्त मनीष कुमार ने कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की। उन्होंने सीएलएफ स्तर पर बर्तन बैंक के माध्यम से राजस्व सृजन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। इसके अलावा प्रत्येक तीन माह में एसएचजी, वीओ और सीएलएफ स्तर पर खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित करने का निर्देश दिया।
सुकन्या योजना के तहत सभी दीदियों को प्रतिमाह 500 रुपये की बचत करने के लिए प्रेरित किया गया। सीएलएफ एवं कैडर के लिए निर्धारित ड्रेस कोड, कोट और पहचान पत्र को अनिवार्य रूप से लागू करने का निर्देश भी दिया गया।
आपातकालीन सहायता निधि के तहत स्वयं सहायता समूह की प्रत्येक सदस्य से 10 या 20 रुपये का योगदान लेने की बात कही गई, ताकि आकस्मिक जरूरत पड़ने पर समूह की महिलाओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जेएसएलपीएस की जिला कार्यक्रम प्रबंधक, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक, प्रखंड कर्मी, सीएलएफ प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित लोग शामिल हुए।
बैठक में सीएलएफ ईसी-1 एजेंडा, कैडर समीक्षा, आजीविका नियोजन, सामाजिक समावेशन, जेंडर संवाद और वित्तीय साक्षरता जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
जिला प्रशासन ने निर्धारित माहवार विशेष कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की।