News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Rajasthan

राइजिंग राजस्थान और निवेश अनुकूल नीतियों से प्रदेश में स्थापित हो रहे हैं नए उद्योग

जयपुर, 09 मई । राज्य सरकार द्वारा आयोजित राइजिंग राजस्थान सहित अन्य नीतियों और योजनाओं के कारण प्रदेश में लगातार निवेश बढ़ रहा है और नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं। रीको द्वारा पिछले वित्तीय वर्ष के भूखण्ड आवंटन, भूमि अधिग्रहण, भूमि की बिक्री और नए औद्योगिक क्षेत्र से जुडे़ आंकडे़ इस बढ़ते निवेश का प्रमाण हैं।

पिछले 10 वर्षों का आंकलन किया जाये तो वित्त वर्ष 2025-26 में रीको द्वारा सर्वाधिक हर दिन औसतन 6 भूखण्ड आवंटित किए गए हैं। कुल 2,072 भूखण्ड आवंटित किए गए, जो पिछले वर्ष के मुकाबले 135 प्रतिशत अधिक है।

इस अवधि में 21 नए औद्योगिक क्षेत्र खोले गए हैं, यानि हर 17 दिन में औसतन एक औद्योगिक क्षेत्र, जो कि पिछले 10 वर्षों में सर्वाधिक है।

साथ ही वर्ष 2025-26 में नए निवेश के लिए औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना के उद्देश्य से 10,440 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया गया, जो पिछले 10 वर्षों में सर्वाधिक है।

रीको द्वारा निवेशकों की सुविधा के लिए औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाएं विकसित करने पर भी ध्यान दिया गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में सड़क, बिजली, पानी सहित अन्य सुविधाओं के लिए करीब 539 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

एसीएस, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग शिखर अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुसार रीको द्वारा उद्योग लगाने के लिए रिकॉर्ड भूमि आवंटन किए गए हैं। साथ ही, निवेशकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आधारभूत सुविधाएं विकसित करने के लिए वर्ष 2025-26 में 539 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। राइजिंग राजस्थान और नीतियों के कारण राज्य में निवेश अनूकूल वातावरण बना है।

Leave a Reply