पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की जीत जनता के विश्वास और विकास की नीतियों का परिणाम: मंत्री राजपूत
भोपाल, 04 मई । पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत पर मध्य प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी और विकासोन्मुख नीतियों पर जनता के अटूट विश्वास को दर्शाता है।
इस अवसर पर मंत्री राजपूत ने अपने सागर स्थित निवास “मातेश्वरी” पर कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के साथ विजय उत्सव मनाया। कार्यक्रम में पारंपरिक बंगाली व्यंजन झालमुड़ी और मिठाइयां बांटी गईं। पूरे आयोजन में उत्साह का माहौल रहा और कार्यकर्ताओं ने “भारत माता की जय” तथा “वंदे मातरम्” के नारों से खुशी व्यक्त की।
मंत्री राजपूत ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने विकास, सुशासन और पारदर्शिता के पक्ष में निर्णय देते हुए परिवर्तन का संदेश दिया है। यह जनादेश स्पष्ट करता है कि देश अब तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति से आगे बढ़कर विकास और स्थिरता को प्राथमिकता दे रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की यह सफलता संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं की मेहनत और पार्टी की विचारधारा के प्रति जनता के विश्वास का परिणाम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हित और युवा उत्थान की योजनाएं देशभर में सकारात्मक प्रभाव डाल रही हैं, जिसका प्रतिबिंब इस चुनाव परिणाम में स्पष्ट दिखाई देता है।
मंत्री राजपूत ने विश्वास जताया कि भाजपा आगे भी जनसेवा और विकास के मार्ग पर अग्रसर रहते हुए देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इसी समर्पण के साथ जनता के बीच जाकर सरकार की योजनाओं को और प्रभावी ढंग से पहुंचाएं।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत हर उस कार्यकर्ता की है जिसने निरंतर मेहनत और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत किया।