News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

MP

इंदौरः रोजगार मेले में 91 युवक-युवतियों को प्रतिष्ठित कंपनियों में मिली नौकरी

इंदौर, 04 मई । मध्य प्रदेश के इंदौर में बेरोजगारों को रोजगार और स्वरोजगार देने के उद्देश्य से जिला रोजगार कार्यालय द्वारा सोमवार को एक दिवसीय रोजगार मेले (युवा संगम) का आयोजन जिला रोजगार कार्यालय में किया गया। इस रोजगार मेले में 91 युवक-युवतियों का प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी के लिए चयन किया गया।

रोजगार उप संचालक पीएस मण्डलोई ने बताया कि युवा संगम कार्यक्रम में कुल 12 कंपनियों के 300 से अधिक विभिन्न रिक्त पदों की पूर्ति हेतु इनके प्रतिनिधियों द्वारा साक्षात्कार लेकर निजी कंपनी में रोजगार और अप्रेन्टिनशीप हेतु प्रारम्भिक रूप से चयन किया गया। इस युवा संगम कार्यक्रम में कुल 183 पंजीयन हुए, जिनमें 152 युवक और 31 युवतियों ने भाग लिया।

मण्डलोई ने बताया कि कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा 73 युवक और 18 युवतियों का प्रारंभिक रूप से फार्मशिस्ट, एचआर, सेल्स एक्जीक्यूटिव, सहायक प्रबंधक, डिजिटल मार्केटिंग, टेलीकॉलर, बेक ऑफिस, ट्रेनी,फीटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, आपरेटर आदि पदों के लिए चयन किया गया। रोजगार मेले में मोजेक वर्क स्कील, पत्रिका, आईटीएल इंडस्ट्रीज, डिस्टिल एजुकेशन, एलबीजी स्टील, रेड्डी फाउंडेशन, डिजी रियेक्ट्स, कोडरविंग, शैफाली बिजनेस आदि कुल 12 कंपनियों द्वारा आवेदकों का चयन किया गया।

जिला उद्योग केंद्र की टीम द्वारा स्वरोजगार के इच्छुक 06 आवेदकों को शासन द्वारा संचालित स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया जाकर स्वरोजगार हेतु प्रकरण तैयार करने हेतु प्रेरित किया गया और शासन की अप्रेन्टिनशीप योजना अंतर्गत 02 आवेदकों का चयन कर कंपनी में भेजे गये। इस अवसर पर रोजगार विभाग, शासकीय आईटीआई और जिला उद्योग केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। अंत में सभी सहयोगी विभाग एवं निजी कंपनी के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply