News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Himachal Pradesh

नशा तस्करी पर सख्ती, तीन आरोपियों की हिरासत अवधि छह माह बढ़ी

शिमला, 28 अप्रैल । शिमला जिले में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई को और सख्त करते हुए तीन आदतन आरोपियों की हिरासत अवधि बढ़ा दी है। पुलिस के मुताबिक, ये तीनों आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय थे और पहले भी इनके खिलाफ कई मामले दर्ज हो चुके हैं। अब इनके खिलाफ पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए इनकी हिरासत अवधि बढ़ाई गई है।

पुलिस के अनुसार रंजन शर्मा (35 वर्ष), निवासी कोटखाई, विशाल शर्मा (25 वर्ष), निवासी ठियोग, जिला शिमला, और रवि शर्मा (34 वर्ष), निवासी न्यू शिमला को करीब तीन महीने पहले निरोधात्मक कार्रवाई के तहत हिरासत में लिया गया था। इस सम्बंध में जारी आदेश के तहत रंजन शर्मा और विशाल शर्मा की हिरासत अवधि को तीन महीने के लिए और बढ़ा दिया गया है, जबकि रवि शर्मा की हिरासत अवधि दो महीने के लिए बढ़ाई गई है। इस तरह अब ये आरोपी कुल मिलाकर करीब छह महीने तक जेल में रहेंगे।

जिला शिमला पुलिस का कहना है कि इन आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं और पहले भी कार्रवाई के बावजूद ये नशा तस्करी में सक्रिय बने रहे। पुलिस को आशंका थी कि रिहा होने पर ये दोबारा अपराध कर सकते हैं, इसी वजह से इनके खिलाफ सख्त निरोधात्मक कार्रवाई की गई।

पुलिस के मुताबिक इन तीनों का आपराधिक रिकॉर्ड बताता है कि ये नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े हुए थे और लंबे समय से इस अवैध गतिविधि में शामिल थे। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई का मकसद नशा तस्करी पर रोक लगाना और समाज को इसके दुष्प्रभाव से बचाना है।

जिला शिमला पुलिस ने साफ किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, जिससे जिले में नशे के कारोबार को नियंत्रित किया जा सके और युवाओं को इसके असर से बचाया जा सके।

Leave a Reply