News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Rajasthan

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से बदला मौसम, कई शहरों में बारिश-ओले, चूरू में करंट से पिता-पुत्र की मौत

जयपुर, 29 अप्रैल । राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने से मौसम में बदलाव देखने को मिला है। जयपुर सहित करीब सात शहरों में बारिश हुई, जबकि कोटा, अलवर और दौसा में ओलावृष्टि दर्ज की गई। अंधड़ के दौरान चूरू जिले के बीदासर में बिजली का तार टूटकर एक मकान की छत पर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत हो गई।

बारिश और ओलावृष्टि के कारण प्रदेश के अधिकांश शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कमी आई, हालांकि एक दर्जन से अधिक शहरों में पारा अभी भी 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। इसी बीच धौलपुर में गर्मी के चलते एक ट्रेन के कोच के निचले हिस्से में आग लगने की घटना सामने आई। आग ब्रेक पैडल के पास लगी थी, जिसे समय रहते बुझा लिया गया। प्रारंभिक रूप से आग का कारण अत्यधिक गर्मी माना जा रहा है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार राज्य के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में हीटवेव का दौर जारी रहने की संभावना है, जबकि अन्य क्षेत्रों में तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट के साथ राहत मिल सकती है। आगामी 3-4 दिनों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं। मई के पहले सप्ताह में भी कुछ स्थानों पर हीटवेव जारी रह सकती है, हालांकि बारिश और आंधी का क्रम बना रहेगा। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कहीं-कहीं हीटवेव और ऊष्णरात्रि के साथ मेघगर्जन तथा तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक 13 मिमी वर्षा हनुमानगढ़ जिले के टीबी क्षेत्र में दर्ज की गई।

वर्तमान में अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है, जो सामान्य के आसपास है। सर्वाधिक तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस जैसलमेर में तथा न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस सीकर में रिकॉर्ड किया गया। जयपुर में मंगलवार सुबह हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाओं के कारण मौसम सुहावना रहा। देर रात से बादल छाए रहने और सुबह बारिश होने से आमजन को भीषण गर्मी से राहत मिली है।

Leave a Reply