जींद : गौभोक्तों ने प्रदर्शन कर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
जींद, 27 अप्रैल । जयति-जयति हिंदू महान संगठन के आह्वान पर जिलाभर में गोभोक्तों ने शहर में प्रदर्शन किया और गो सम्मान दिवस मनाया। प्रदर्शनकारी गौभक्त लघु सचिवालय पहुंचे और मांगों को लेकर एसडीएम को सौंपा।
प्रदर्शन से पहले गौभक्तों को संबोधित करते हुए जयति-जयति हिंदू महान संगठन के संयोजक अतुल चौहान ने साेमवार काे कहा कि भारतीय वेदलक्षणा गोमाता एवं अखंड नंदी बाबा की प्रेरणा से गो सम्मान आह्वान अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत सोमवार को प्रदेशभर में गौभक्तों ने गो सम्मान को लेकर प्रशासन के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजे हैं। ज्ञापन में भारतीय संविधान के अनुच्छेद 48 एवं 51एजी की मूल भावना का हवाला देते हुए अखिल भारतीय वेदलक्षणा गोवंश की रक्षा के लिए सख्त कानून बनाने की मांग की गई है। केंद्र सरकार रााष्ट्रमाता, राष्ट्र आराध्या के रूप में गोमाता को सांविधानिक दर्जा प्रदान करे और केंद्रीय गोसेवा मंत्रालय का गठन किया जाए। उन्होंने कहा कि हाल ही में ब्रज क्षेत्र के पावन प्रवास के दौरान जीवनधन अभियान के तहत गोपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिससे पूरे राष्ट्र में गोवंश संरक्षण की चेतना जागृत हुई है। आज गोवध, तस्करी और क्रूरता के कारण देशी गोवंश की संख्या तेजी से घट रही है। ऐसे में गोसंवर्धन के लिए और पशुधन संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 48 के तहत राज्य नीति निर्देशक तत्वों का हवाला देते हुए मांग की कि गोवंश संरक्षण को राष्ट्रीय नीति का हिस्सा बनाया जाए। साथ ही खेतों में गोमूत्र और गोबर के उपयोग को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया। गोवंश की रक्षा के लिए सभी गोभक्त पूर्ण प्रतिबद्ध हैं। गोमाता की रक्षा करना सिर्फ धार्मिक कर्तव्य नही बल्कि संवैधानिक दायित्व और राष्ट्र की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करना है। वहीं सफीदों में दीपक चौहान के नेतृत्व में गौभक्त नागक्षेत्र हाल में एकत्रित हुए और गाय को राष्ट्र माता का दर्जा दिलवाने भारत में गो हत्या का पूर्ण प्रतिबंध गौ सेवा के लिए केंद्रीय कानून एवं गौ मंत्रालय का गठन के लिए हस्ताक्षर करवाए। गौरक्षक प्रमोद श्योकंद के नेतृत्व में नरवाना में भी ज्ञापन सौंपा गया।