News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Rajasthan

तपने लगा राजस्थान, दस शहरों का दिन का पारा 40 पार, सत्रह अप्रैल से हीटवेव

तपने लगा राजस्थान, दस शहरों का दिन का पारा 40 पार, सत्रह अप्रैल से हीटवेव

जयपुर, 15 अप्रैल । सूरज की तपिश से अब राजस्थान की धरती तपने लगी है। चिलचिलाती धूप के चलते आमजन का अब दोपहर में घर से निकलना दूभर होने लगा है। प्रदेश के शहरों के अधिकतम तापमान में 4 और न्यूनतम तापमान में 6 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश के 10 शहरों का दिन का पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया। 17 व 18 अप्रेल को पश्चिम राजस्थान में हीटवेव को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार 42.8 डिग्री के साथ बाड़मेर और 29 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही। बाड़मेर के अलावा पिलानी, फलौदी, कोटा, चित्तौडग़ढ़, पाली, जैसलमेर, जोधपुर, बीकाने और चूरू का दिन का तापमान 40 डिग्री से अधिक और फलौदी के अलावा जयपुर, कोटा, बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर, डूंगरपुर, संगरिया और जालोर का रात का तापमान 25 डिग्री के पार पहुंच गया। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 17-18 अप्रेल को पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री (सामान्य से 3-4 डिग्री अधिक) दर्ज होने व कहीं-कहीं हीटवेव की संभावना है। राज्य में आगामी 4-5 दिन अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहने तथा अधिकतम तापमान में और 2-3 डिग्री बढ़ोतरी होने की संभावना है।

जयपुर में गर्मी तेज होने लगी है। दोपहर में सूरज की तपिश झुलसाने लगी है। इससे दोपहर में मुश्किल होता जा रहा है। आगामी समय में जयपुर के पारे में और उछाल देखने को मिलेगा। जयपुर का पारा 40 डिग्री के नजदीक पहुंच गया है। जयपुर का अधिकतम तापमान 39.2 और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर के अधिकतम तापमान में 0.2 और रात के तापमान में 5.2 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया।

Leave a Reply