रोडवेज ने सांवलियाजी मंदिर प्रबंधन से की बस स्टैंड संचालन की मांग
चित्तौड़गढ़, 15 अप्रैल । वैश्विक आस्था का केंद्र प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलियाजी में श्रद्धालुओं का सैलाब दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। बढ़ते हुई भक्तों की भीड़ को देखते हुए राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम ने रोडवेज बसों के फेरों में वृद्धि की है। सांवलिया जी जैसे कस्बे में रोडवेज की 34 बसों का संचालन हो रहा है, जिसमें से 17 बसें चित्तौड़गढ़ से सांवलिया और इतनी ही सांवलियाजी से चित्तौड़गढ़ होते हुए विभिन्न जिलों में जा रही है। इतनी बसों के संचालन में रोडवेज प्रबंधन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सांवलियाजी में वर्षों बस स्टैंड बना हुआ है लेकिन बसों का व्यवस्थित संचालन नहीं हो रहा है। अब रोडवेज प्रबंधन ने श्री सांवलियाजी मंदिर प्रशासन को पत्र लिख कर बसों के संचालन की मांग की है, जिससे की रोडवेज की बसों को सवारियां भरने के दौरान जगह मिल सके।
यहां मंदिर मंडल ने वर्षाें पूर्व सांवलियाजी में गोवर्धन बस स्टैंड का निर्माण किया था, जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा न हो और बस स्टैंड पर बसें भी खड़ी हो सके। वहीं श्रद्धालुओं को छाया, पेयजल और शौचालय आदि की व्यवस्थाएं मिल सके। सांवलियाजी मंदिर मंडल की और से बनाए इस बस स्टेंड पर 4 बुकिंग विंडो भी बनाई गई है लेकिन मंदिर मंडल की हठधर्मिता के चलते इस बस स्टैंड से बसों का आवागमन नहीं हो पा रहा है इससे बसों को सड़क पर खड़े रखना पड़ता है और श्रद्धालुओं को भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। ऐसे में अब रोडवेज प्रबंधन ने पत्र लिख का मांग की है कि गोवर्धन बस स्टैंड से बसों का संचालन हो।
रोडवेज के कार्यवाहक प्रबन्धक (वित्त) दिनेश जाट ने बताया कि मुख्य प्रबंधक ने सांवलियाजी मंदिर के आस-पास बसों की पहुंच हो और संचालन हो सके इसके लिए स्थान उपलब्ध कराने को लेकर पत्र लिखा है। इसके लिए जिला कलक्टर सहित मंदिर मंडल की मुख्य कार्यकारी अधिकारी और अध्यक्ष को पत्र लिख कर अवगत कराया। अपने पत्र में बताया कि मंडफिया स्थित सांवलिया सेठ मंदिर पर राज्य के विभिन्न जिलों से श्रद्धालुओं का आवागमन होता है और यात्रियों की सुविधा के लिए कई बसों का नियमित संचालन किया जा रहा है। वहीं कई बसें रात्रि विश्राम के लिए भी रूकती है। बसों के ठहराव के लिए बस स्टैंड का अभाव है और बसों को मंदिर परिसर से काफी दूर खड़ा रखना पड़ता है। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। सांवलियाजी में स्थित गोवर्धन बस स्टैंड परिसर से रोडवेज बसों के संचालन की अनुमति की मांग की है, यातायात व्यवस्था में सुधार हो सके।
पत्र में बताया है कि गोवर्धन बस स्टैंड का निर्माण सांवलिया मंदिर मंडल के गठन के कुछ ही सालों में हो गया था। यहां पर यात्रियों की सुविधाओं की सुमचित व्यवस्था है, लेकिन कुछ सालों में ही व्यवस्थाएं चरमरा गई और बसों का संचालन अब वहां से नहीं किया जाता है। इसके कारण क्षेत्रवासियों के साथ-साथ यात्रियों को भी परेशानी होती है।
इधर, सूत्रों से जानकारी मिली है कि श्रद्धालुओं से बढ़ती हुई संख्या के चलते रोडवेज भविष्य में और भी बसें संचालित करने के मूड में है। भविष्य में यहां श्रद्धालु और भी बढ़ेंगे। ऐसे में रोडवेज करीब 40 बसें तक परिवहन संचालित कर सकता हैं। साथ ही कार्यालय एवं बुकिंग लगने से डिपो पर चहल-पहल रहेगी।