ग्वालियरः स्मार्ट सिटी की 40वीं बोर्ड बैठक में सड़क, पार्किंग, निर्भया कैफे और फसाड लाइटिंग पर हुए अहम फैसले
ग्वालियर, 30 मार्च । मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सोमवार को स्मार्ट सिटी डवलपमेंट कॉर्पोरेशन की 40वीं बोर्ड बैठक में शहर के अधोसंरचना और सौंदर्यीकरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
कलेक्टर एवं बोर्ड की अध्यक्ष रुचिका चौहान ने सचिन तेंदुलकर रोड के निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि इस सड़क के सौंदर्यीकरण की कार्ययोजना तैयार कर उसे मूर्तरूप दें। निर्भया कैफे की निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर कार्य शुरू करने, मल्टीलेवल पार्किंग के संचालन से पहले महाराज बाडा क्षेत्र में आने वाले वाहनो की संख्या सहित ट्रैफिक सर्वे कराने तथा फसाड लाइटिंग परियोजना का विस्तार करने के निर्देश भी बैठक में दिए गए।
मोतीमहल स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में सोमवार को आयोजित बैठक में स्मार्ट सिटी परियोजनाओं एवं डिपॉजिट वर्क की शेष राशि से प्रस्तावित नई परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में आईएसबीटी पर प्रस्तावित कमर्शियल कॉम्पलेक्स, कन्वेंशन सेंटर में अतिरिक्त कार्य, नगर निगम म्यूजियम के जीर्णोद्धार, फसाड लाइटिंग के विस्तार, जल संरक्षण और ट्रैफिक सुधार जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। कन्वेंशन सेंटर के पीछे प्रस्तावित बैंक्वेट हॉल के डिजाइन पर चर्चा के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि इसमें जल निकासी सहित सभी आवश्यक प्रावधान शामिल कर संशोधित डिजाइन प्रस्तुत करें। जिन हैरिटेज इमारतों पर कार्य की अनुमति प्राप्त हो चुकी है वहां पर जल्द से जल्द फसाड लाइटिंग का कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि तानसेन समाधि एवं मोहम्मद गौस के मकबरे को छोड़कर अन्य स्थलों के लिए आवश्यक अनुमतियाँ प्राप्त हो चुकी हैं। मल्टीलेवल कार पार्किंग के संचालन एवं रख-रखाव (O&M) के संबंध में कलेक्टर ने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महाराज बाड़ा क्षेत्र में प्रतिदिन आने वाले वाहनों का ट्रैफिक पुलिस के साथ संयुक्त सर्वे कराया जाए और प्रीपेड व मंथली पास जैसी सुविधाओं को निविदा में अवश्य शामिल किया जाए।
बैठक में शहर की पुरानी बावड़ियों के जीर्णोद्धार कार्य की समीक्षा भी की गई। उपनगर ग्वालियर, ग्वालियर दक्षिण और ग्वालियर पूर्व में एक-एक बावड़ी का कार्य लगभग पूर्ण होने पर कलेक्टर ने इन बावडियों के शीघ्र पूर्णता प्रमाण-पत्र जारी करने के निर्देश दिए। स्मार्ट सिटी के तहत लगाए गए सीसीटीवी एवं पब्लिक एनाउंसमेंट सिस्टम के संबंध में बताया गया कि यह परियोजना पूर्ण हो चुकी है। अब गलत दिशा में आने वाले वाहनों पर चालानी कार्रवाई शुरू की जाएगी, जिसे बोर्ड ने स्वीकृति प्रदान की। बैठक में नगर निगम आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी सीईओ संघप्रिय, बोर्ड के अन्य सदस्य एवं संयुक्त संचालक नगर एवं ग्राम निवेश कृष्णकांत कुशवाह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे। बोर्ड के सदस्य प्रशांत मेहता वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।