News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान 30 से शुरू

पश्चिमी सिंहभूम, 28 मार्च । सर्वाइकल कैंसर से बचाव के उद्देश्य से जिले में 30 मार्च से मानव पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान की शुरुआत की जाएगी। यह जानकारी सिविल सर्जन जुझार माझी ने शनिवार को अपने प्रेस वार्ता में पत्रकारों को दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत केवल 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी बालिकाओं को शामिल किया जाएगा। 15 वर्ष या उससे अधिक आयु की बालिकाएं इस अभियान के लिए पात्र नहीं होंगी। जिले की कुल जनसंख्या 18,54,300 है, जिसमें लगभग 01 प्रतिशत यानी 18,543 बालिकाएं लक्षित समूह में आती हैं। इनमें से 14,742 बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अभियान के तहत गार्डासिल-04 नामक क्वाड्रिवेलेंट वैक्सीन दी जाएगी, जो एचपीवी के 16, 18, 6 और 11 प्रकार के वायरस से सुरक्षा देती है। यह वैक्सीन 93 से 100 प्रतिशत तक प्रभावी मानी जाती है और सर्वाइकल कैंसर से बचाव में सहायक है।

यह अभियान रविवार और अन्य अवकाश के दिनों को छोड़कर सभी कार्यदिवसों में संचालित होगा। टीकाकरण चिकित्सा पदाधिकारियों की देखरेख में किया जाएगा।

टीकाकरण के बाद सभी लाभार्थियों को 30 मिनट तक स्वास्थ्य केंद्र में निगरानी के लिए रखा जाएगा। टीका बाएं हाथ में इंट्रामस्क्युलर (आईएम) डोज के रूप में दिया जाएगा। इसके बाद हल्का दर्द, सूजन या बुखार जैसे सामान्य दुष्प्रभाव हो सकते हैं, जिन्हें पैरासिटामोल से नियंत्रित किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि अभियान के संचालन के लिए एएनएम, आशा, सेविका, मानसी और जेएसएलपीएस के माध्यम से बालिकाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक लाया जाएगा। टीकाकरण से पहले अभिभावकों या संरक्षकों से सहमति पत्र पर हस्ताक्षर कराए जाएंगे और टीकाकरण के बाद ई-वैक्शिनेशन प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा।

Leave a Reply