खुर्पाताल, गहलना, जमीरा और सिल्मोड़िया के ग्रामीणों ने दी चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
नैनीताल, 16 मार्च । जनपद मुख्यालय नैनीताल के निकटवर्तीे भीमताल विकासखंड के खुर्पाताल, गहलना, जमीरा और सिल्मोड़िया क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से लगभग सात किलोमीटर मोटर मार्ग निर्माण की मांग कर रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क सुविधा नहीं होने से सामान ढोने में परेशानी होती है तथा विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में भी कठिनाई झेलनी पड़ती है। क्षेत्र में जंगली जानवरों का भी खतरा बना रहता है। बीमार या गर्भवती महिलाओं को मुख्य मार्ग तक डोली या घोड़े-खच्चर के माध्यम से ले जाना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि समय पर उपचार न मिलने के कारण मार्ग में ही चार रोगियों की मृत्यु हो चुकी है। ग्राम प्रधान कीर्ति आर्या ने बताया कि मोटर मार्ग निर्माण के लिए कई बार विधायक और सांसदों को पत्र भेजे गये, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ।
लोक निर्माण विभाग ने पूर्व में सर्वे कर पिलर भी लगा दिये थे, फिर भी निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि वर्ष 2027 से पहले मोटर मार्ग का निर्माण नहीं हुआ तो वे 2027 के विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे। इस बीच क्षेत्र के ग्रामीणों ने भाजपा नेता हेम आर्य को मुख्यमंत्री और सांसद के नाम ज्ञापन भी सौंपा।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान कीर्ति आर्या, नवीन सिंह, प्रमोद सिंह, कुंवर सिंह, चंद्रशेखर कार्की, राधा देवी, बसंती देवी, पुष्पा देवी, हेमा देवी, ममता देवी, भगवती देवी, कमला देवी, मुन्नी आर्या, मंजू देवी, गीता देवी, हरीश गोस्वामी, मदन सिंह, गोपाल सिंह, नंदन सिंह, हरेंद्र बिष्ट, दीपू कनवाल, दीवान सिंह, महेंद्र अधिकारी, सुरेंद्र अधिकारी, चतुर सिंह, गोविंद सिंह, नवीन चंद्र, चंदन सिंह, राम सिंह, ध्यान सिंह, सोबन सिंह, पुष्कर सिंह, गिरधारी लाल, पुरन चंद्र, नीरज सिंह, गोधन सिंह, मोहन सिंह और सुरेश सिंह सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।