450 किलो गौमांस व एक जिंदा गाय के साथ गौ तस्कर गिरफ्तार
हरिद्वार, 12 मार्च ।जनपद में अवैध रूप से पशुओं के कटान और बिना लाइसेंस मांस की बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए झबरेड़ा कस्बे में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बलेलपुर गांव के एक खेत से कटान के लिए लाई गई एक जिंदा गाय तथा 450 किलो गौमांस, मांस काटने के उपकरण और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद कर मौके से एक गौ तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।
थाना झबरेड़ा प्रभारी अजय शाह के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर अवैध बुचड़खानों और बिना लाइसेंस मांस बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में झबरेड़ा थाना क्षेत्र में पशुओं का अवैध मांस बेचने की सूचना मिलने पर आज पुलिस टीम ने छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान बलेलपुर गांव के गुलनमाज के खेत मे गौकशी करते हुए सुभान पुत्र घसीटा निवासी सफरपुर थाना गंगनहर रुड़की को गिरफ्तार कर लिया जबकि उसके साथी फरार होने में कामयाब रहे। इस मामले में पुलिस ने सुभान का चालान कर दिया है। सुभान पर गौकशी के आरोप में विभिन्न थानों में सात मुकदमे दर्ज हैं।