News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

MP

शिवपुरीः अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला पुलिसकर्मियों का हुआ सम्मान

शिवपुरी, 08 मार्च । मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम शिवपुरी में महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ग्वालियर रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक अमित सांघी एवं पुलिस अधीक्षक शिवपुरी अमन सिंह राठौड़ ने महिला पुलिसकर्मियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा ड्यूटी के दौरान आने वाली समस्याओं पर चर्चा कर उनके निराकरण के संबंध में विचार-विमर्श किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस प्रतिवर्ष 8 मार्च को मनाया जाता है। वर्ष 2026 में महिला दिवस की थीम “Give to Gain” रखी गई है। इसका आशय है कि जब समाज महिलाओं को समान अवसर, सम्मान और सहयोग प्रदान करता है तो उसका लाभ पूरे समाज को मिलता है। महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आर्थिक स्वतंत्रता को बढ़ावा देकर एक बेहतर और समृद्ध समाज का निर्माण किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि यह दिवस लैंगिक समानता, महिला अधिकारों तथा महिलाओं के खिलाफ हिंसा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों के प्रति समाज को जागरूक करने का अवसर भी प्रदान करता है। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने महिला पुलिसकर्मियों से संवाद कर पुलिस ड्यूटी के दौरान आने वाली चुनौतियों की जानकारी ली तथा उनके समाधान के संबंध में चर्चा की। इस अवसर पर सीएसपी शिवपुरी संजय चतुर्वेदी, रक्षित निरीक्षक अनिल कावरेती, थाना प्रभारी कोतवाली, देहात एवं फिजिकल, सूबेदार स्टेनो आशीष पटेरिया सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply