News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

सूरजपुर : नामांतरण-खाता विभाजन के त्वरित निराकरण हेतु सरपंच-सचिवों का प्रशिक्षण

सूरजपुर, 18 फ़रवरी । ग्राम स्तर पर राजस्व प्रकरणों के शीघ्र और पारदर्शी समाधान की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। जिला पंचायत सभाकक्ष, सूरजपुर में अविवादित नामांतरण एवं खाता विभाजन मामलों के त्वरित निराकरण के लिए जनपद पंचायत सूरजपुर के सरपंचों और सचिवों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण का उद्देश्य ऐसे प्रकरणों का समाधान ग्राम स्तर पर ही सुनिश्चित करना है, ताकि आम नागरिकों को तहसील कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें और समयबद्ध कार्रवाई हो सके। अधिकारियों ने नामांतरण और खाता विभाजन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों की सूची, ऑनलाइन प्रविष्टि की विधि तथा प्रकरणों के निपटारे की चरणबद्ध कार्यप्रणाली पर विस्तार से जानकारी दी।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अविवादित मामलों का शीघ्र निपटारा प्रशासन की प्राथमिकता है। यदि पंचायत स्तर पर ही प्रक्रिया सही ढंग से पूरी की जाए तो राजस्व न्यायालयों पर भार कम होगा और ग्रामीणों को त्वरित राहत मिलेगी। प्रशिक्षण के दौरान व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से आवेदन प्राप्ति से लेकर आदेश पारित होने तक की पूरी प्रक्रिया समझाई गई।

कार्यक्रम में एसडीएम (राजस्व) सूरजपुर, तहसीलदार सूरजपुर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सूरजपुर तथा विकास अधिकारी सहित बड़ी संख्या में सरपंच और सचिव उपस्थित रहे।

यह पहल ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाने और प्रशासनिक पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में एक ठोस कदम मानी जा रही है, जिससे राजस्व संबंधी छोटे-छोटे प्रकरणों का समाधान अब गांव में ही संभव हो सकेगा।

Leave a Reply