जांजगीर-चांपा: पामगढ़ पुलिस की कार्रवाई, 108 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ दो आरोपित गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 15 फरवरी । जिले में अवैध कच्ची महुआ शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पामगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 108 लीटर अवैध शराब के साथ आज रविवार को दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान शराब परिवहन में उपयोग की जा रही केटीएम ड्यूक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
यह कार्रवाई जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा मुखबिर की सूचना पर की गई। पुलिस टीम ने रेड कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ते हुए उनके कब्जे से 108 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 21,600 रुपये बताई गई है, बरामद की।
मामले में गिरफ्तार आरोपियों के नाम सुग्रीव गोंड (19 वर्ष) और जितेंद्र गोंड (25 वर्ष) हैं, जो सेमरिया, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा के निवासी बताए गए हैं। दोनों आरोपी अवैध शराब को बिक्री के लिए परिवहन कर रहे थे।
पूरी कार्रवाई विजय कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस के अनुसार जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।
कार्रवाई में थाना प्रभारी पामगढ़ निरीक्षक सावन सारथी सहित पुलिस स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।