News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Delhi

नेपाल दौरे पर पहुंचे भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ, काठमांडू में मिलेगा खास सम्मान

काठमांडू, 16 अगस्त । भारतीय थलसेनाध्यक्ष आज से पांच दिवसीय नेपाल दौरे पर काठमांडू पहुंच गए हैं। नई दिल्ली से सेना के विशेष विमान से काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर पहुंचे जनरल धीरज सेठ का नेपाली सेना के शीर्ष अधिकारियों ने स्वागत किया।

प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के सत्ता संभालने के बाद भारत से नेपाल की उच्चस्तरीय यात्रा पर आने वाले जनरल सेठ अब तक के सबसे वरिष्ठ अधिकारी हैं। उनका नेपाल से अपना पहला विदेश दौरा शुरू करना भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। काठमांडू में भ्रमण के दौरान वह रक्षा मंत्रालय की भी जिम्मेदारी संभाल रहे प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से 18 अगस्त को शिष्टाचार मुलाकात करेंगे। इसके अलावा नेपाल के प्रधान सेनापति अशोकराज सिग्देल सहित अन्य अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।

भारतीय थलसेना प्रमुख का सैनिक मंच, टुंडिखेल पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा प्रधान सेनापति अशोकराज सिग्देल के साथ आपसी सहयोग के विषयों पर द्विपक्षीय वार्ता करने का कार्यक्रम है। इसके अलावा राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल सोमवार को शीतल निवास में विशेष समारोह में भारतीय थलसेनाध्यक्ष जनरल सेठ को नेपाली सेना के मानार्थ महारथी (आर्मी चीफ) की उपाधि प्रदान करेंगे। भारत और नेपाल के बीच एक-दूसरे के प्रधानसेनापतियों को मानार्थ महारथी की उपाधि देने की परंपरा करीब सात दशक पुरानी है।

नेपाल के वर्तमान प्रधान सेनापति अशोकराज सिग्देल को भी भारतीय सेना की मानार्थ महारथी की उपाधि मिल चुकी है। 12 दिसंबर, 2024 को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक विशेष समारोह में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधान सेनापति सिग्देल को भारतीय थलसेना के मानार्थ सेनाध्यक्ष की उपाधि प्रदान की थी।

Leave a Reply