News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Haryana

फतेहाबाद : शोभा यात्रा में महिलाओं के गहने चोरी की आरोपी महिलाएं गिरफ्तार

फतेहाबाद, 09 फरवरी । शहर में श्री खाटू श्याम मंदिर फतेहाबाद की निकाली गई भव्य शोभा यात्रा के दौरान महिलाओं के कानों से सोने की बालियां चोरी करने के मामले का शहर फतेहाबाद पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में बस अड्डा पुलिस चौकी की टीम ने दो महिलाओं को काबू किया गया है, जबकि वारदात में संलिप्त दो नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया गया है। गिरफ्तार की गई महिलाओं की पहचान सोनी तथा रेशमा निवासी राजनगर टोहाना, जिला फतेहाबाद के रूप में हुई है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 15 सोने की बालियां बरामद की गई हैं। सोमवार को बस अड्डा पुलिस चौकी प्रभारी पीएसआई सुमित कुमार ने बताया कि यह मामला भागवन्ती देवी निवासी शिव नगर, फतेहाबाद की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि 7 फरवरी को वह श्री खाटू श्याम मंदिर फतेहाबाद की ओर से निकाली जा रही शोभा यात्रा में शामिल थी। दोपहर को जब शोभा यात्रा थाना रोड पर वैद्य रामेश्वरदास की दवाई की दुकान के समीप पहुंची, तो भारी भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात व्यक्तियों ने उसके दोनों कानों से लगभग 10 ग्राम वजन की सोने की बालियां निकाल लीं। शिकायतकर्ता द्वारा शोर मचाने पर आरोपी भीड़ का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए। बाद में यह भी सामने आया कि शोभा यात्रा में शामिल अन्य महिलाओं के कानों से भी सोने की बालियां चोरी हो चुकी थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी व मानवीय सूचनाओं के आधार पर दो महिला आरोपियों को काबू किया तथा दो नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 15 सोने की बालियां बरामद की गई हैं।

Leave a Reply