News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

बहन की शादी के दिन भाई की मौत, शादी की खुशियां बदलीं मातम में

पलामू, 09 फ़रवरी । जिले के मनातू थाना क्षेत्र के रहैया गांव में सोमवार को उस समय खुशियों का माहौल गम में तब्दील हो गया, जब सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक युवक की बहन की सोमवार को शादी होनी थी, जिसकी तैयारियों को लेकर परिवार में उत्साह और चहल-पहल का माहौल था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रहैया गांव निवासी अलीम अंसारी के पुत्र अकबर अंसारी (20) शादी से संबंधित सामान की खरीदारी के लिए दोपहिया वाहन से रहैया से मनातू होते हुए पदमा जा रहा था। इसी दौरान कुसडी गांव में कार्तिक उरांव उच्च विद्यालय के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक अन्य दोपहिया वाहन से उनकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।

दूसरे वाहन पर चक पंचायत के अदौरिया गांव निवासी पुनिल कुमार चचेरी बहनें सोनी कुमारी और पूजा कुमारी के साथ सवार था। बताया जा रहा है कि तीनों मैट्रिक की परीक्षा देकर घर लौट रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में अकबर अंसारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल मनातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मनातू थाना प्रभारी विक्की कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना का मुख्य कारण दोनों वाहनों की तेज रफ्तार बताई जा रही है। इस हादसे के बाद रहैया गांव में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Leave a Reply