News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Delhi

मुख्यमंत्री ने गोवा अग्निकांड में जान गंवाने वालों के परिजनों को 10-10 लाख की सहायता राशि सौंपी

नई दिल्ली, 09 फ़रवरी । मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज गोवा के क्लब में 6 दिसंबर को आगजनी में जान गंवाने वालों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की सहायता राशि सौंपी।

गोवा के अरपोरा में 6 दिसंबर को ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइट क्लब में लगी भीषण आग में दिल्ली के सादतपुर एक्सटेंशन निवासी व्यवसायी विनोद कुमार (42), अनिता जोशी (42), सरोज जोशी (41) और कमला जोशी (44) की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों को खोने वाली पीड़िता भावना जोशी और अन्य परिजनों को सोमवार को दिल्ली सचिवालय में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 10-10 लाख रुपए (कुल 40 लाख रुपये) की सहायता राशि सौंपी। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री एवं करावल नगर से विधायक कपिल मिश्रा भी उपस्थित रहे।

कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि गोवा हादसे में दिल्ली के एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक थी। यह केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि गंभीर लापरवाही का परिणाम भी थी। हादसे के तुरंत बाद वो परिजनों से जाकर मिले और मुख्यमंत्री द्वारा मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रूपये देने की घोषणा से अवगत कराया। आज मुख्यमंत्री ने परिजनों से मिलकर संवेदना जताई और हरसंभव सहायता का आश्वासन भी दिया साथ ही कुल 40 लाख रुपये की सहायता राशी सौंपी गई।

पीड़िता भावना जोशी ने कहा कि इस हादसे ने मेरी पूरी जिंदगी बदल दी है। एक ही पल में मैंने अपने परिवार के चार लोगों को खो दिया। अब मेरे ऊपर तीन बुजुर्ग माता-पिता और चार बच्चों की जिम्मेदारी आ गई है।

Leave a Reply