News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Uttarakhand

महामंडलेश्वर यतींद्रानंद गिरि की जूना अखाड़े में वापसी, निष्कासन रद्द

हरिद्वार, 08 फ़रवरी । श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर यतिंद्रानंद गिरि महाराज का अखाड़े ने निष्कासन समाप्त कर दिया है। जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष श्रमहंत मोहन भारती महाराज ने बताया कि विगत दिनों कतिपय अखाड़ा विरोधी गतिविधियों तथा बयानबाजी के चलते महामंडलेश्वर यतिंद्रानंद गिरि महाराज को अखाड़े से निष्कासित कर दिया गया था। इस प्रकरण की जांच हेतु अंतरराष्ट्रीय संरक्षक श्रीमहंत हरी गिरि महाराज के निर्देश पर वरिष्ठ सभापति श्री महंत प्रेमगिरि महाराज की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया, जिसमें वरिष्ठ सभापति श्रीमहंत उमाशंकर भारती, महामंत्री श्रीमहंत महेश पुरी, राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि तथा श्री महंत निरंजन भारती को शामिल किया गया।

जांच समिति ने इस पूरे प्रकरण की गहराई से जांच करने पर पाया कि उनके विरुद्ध लगाए गए कतिपय आरोप भ्रामक तथा तथ्यहीन है। जांच समिति की संस्तुति के आधार पर अंतरराष्ट्रीय संरक्षक श्री महंत हरी गिरि महाराज के निर्देश पर महामंडलेश्वर यतींद्रानंद गिरि महाराज का निष्कासन समाप्त कर उन्हें सम्मान पूर्वक अखाड़े में शामिल कर लिया गया है। जबकि महामण्डलेश्वर स्वामी यतिन्द्रानंद गिरि महाराज के शिष्य महामण्डलेश्वर प्रबोधानंद गिरि महाराज का निष्कासन बरकरार रखा गया है। महामण्डलेश्वर प्रबोधानंद गिरि महाराज महामण्डलेश्वर स्वामी यतिन्द्रानंद गिरि महाराज के शिष्य हैं और दोनों का निष्कासन एक साथ किया गया था।

श्रीमंत मोहन भारती महाराज ने बताया कि महामंडलेश्वर यतिंद्रानंद गिरि महाराज की अखाड़े में उनकी प्रतिष्ठा व सम्मान के अनुरूप वापिसी हो गई है।

Leave a Reply