मुख्यमंत्री ने खिचड़ी प्रसाद वितरित कर खड़ी होली में लिया भाग
टनकपुर, (चम्पावत) 07 फरवरी । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को टनकपुर स्थित शारदा घाट में आयोजित पारंपरिक माघ खिचड़ी भोज कार्यक्रम में हिस्सा लिया और श्रद्धालुओं को स्वयं प्रसाद वितरित किया। मुख्यमंत्री ने स्थानीय नागरिकों के साथ बैठकर माघ खिचड़ी ग्रहण किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्थानीय महिलाओं के साथ कुमाऊं की प्राचीन लोक परंपरा “खड़ी होली” में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में घेरा बनाकर कुमाऊंनी लोकगीत प्रस्तुत किए,जिसमें मुख्यमंत्री ने भी स्वर मिलाया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि माघ मास श्रद्धा,सादगी और समरसता का प्रतीक है। खिचड़ी भोज जैसी परंपराएं समाज को जोड़ती हैं और खड़ी होली जैसी लोक विधाएं नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक पहचान से परिचित कराती हैं।