News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

MP

मंदसाैर: सुशासन भवन में राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया गया, कलेक्टर ने दिलाई मतदाता शपथ, सेल्फी प्वाइंट से ली सेल्फी

मंदसौर, 25 जनवरी । मध्य प्रदेश के मंदसाैर जिले में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अदिती गर्ग के नेतृत्व में सुशासन भवन, मंदसौर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने जिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों, मतदाताओं को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान 1 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नवयुवक-नवयुवतियों को फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र (ईपिक कार्ड) वितरित किए गए। साथ ही विशेष गहन पुनरीक्षण (कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कलेक्टर अदिती गर्ग ने सभी को 16 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के साथ-साथ मंदसौर जिले ने भी विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य गंभीरता एवं सहभागिता के साथ किया है। जिले में कई नवाचार किए गए और रकफ का कार्य न्यूनतम समय में पूर्ण किया गया। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि यदि मतदाता सूची में किसी प्रकार की जानकारी अपूर्ण है तो उसे समय पर पूर्ण कराएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की शुरूआत मतदाता से होती है और 25 जनवरी का दिन इसी भावना का प्रतीक है। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर सुशासन भवन में मतदाता सेल्फी प्वाइंट भी लगाया गया, जहां कलेक्टर अदिती गर्ग, अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, अन्य अधिकारी, युवा मतदाता एवं आम मतदाताओं ने सेल्फी लेकर लोकतंत्र के प्रति अपनी सहभागिता व्यक्त की। कार्यक्रम में भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त द्वारा भेजे गए वीडियो संदेश का प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित अधिकारियों एवं मतदाताओं ने देखा एवं सुना। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एकता जायसवाल सहित अन्य अधिकारी एवं युवा मतदाता उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग के स्थापना दिवस 25 जनवरी को वर्ष 2011 से राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। मध्यप्रदेश सहित पूरे देश में यह दिवस प्रतिवर्ष राज्य, जिला एवं मतदान केन्द्र स्तर पर उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाता है। लोकतंत्र को सशक्त बनाने और मतदाता जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस समारोह का मध्यप्रदेश में यह 16 वां अवसर रहा।

Leave a Reply